समसपुर टी प्वाइंट के समीप स्थित एक स्टील फैक्टरी में मंगलवार शाम शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। आग की लपटों ने वहां रखे व्यावसायिक सिलिंडरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। चार सिलिंडर फटने से धमाके हुए जिससे हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार समसपुर टी-प्वाइंट पर श्री शिव स्टील नाम से एक फैक्टरी है। यहां स्टील के गेट और रेलिंग तैयार की जाती है। मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे शार्ट सर्किट से फैक्टरी में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें फैलने लगी और वहां रखे सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी के समय फैक्टरी में करीब 50 व्यावसायिक सिलिंडर रखे थे जिनमें से चार आग लगने से फट गए। सिलिंडर फटने से जोरदार धमाके हुए और मौके पर काफी तादाद में लोग पहुंच गए। फैक्टरी मालिक विजय ने बताया कि आगजनी के समय फैक्टरी में केवल एक कर्मचारी ही मौजूद था जो आग लगने के बाद बाहर दौड़ आया था। गनीमत रही कि आग की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना लगते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया वरना हादसा और बड़ा हो सकता है। फैक्टरी के समीप ही कई दुकानें हैं और अगर समय रहते आग न बुझाई जाती तो यहां रखे अन्य व्यावसायिक सिलिंडर भी फट जाते और उस दौरान नुकसान कहीं अधिक होता। फैक्टरी मालिक का कहना है कि आग के चलते फैक्टरी में रखा सारा सामान जल गया जिससे उसे लाखों का नुकसान हुआ है।
200 फीट ऊपर तक उछले खाली हिट के डिब्बे
फैक्टरी में काफी तादाद में हिट (मक्खी, मच्छर मारने की दवा) के खाली डिब्बे खे थे। इन डिब्बों में केमिकल होता है जिसके चलते आग की लपटों में आने से ये डिब्बे भी फट गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हिट के काफी डिब्बे करीब 200 फीट ऊंचे उछले।
- ट्रैफिक व्यवस्था हुई बाधित, पुलिस ने डायवर्ट करवाए रूट
आग की घटना के बाद दिल्ली रोड और रावलधी-दिल्ली बाईपास की ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो गई। इसके बाद पुलिस टीमों ने मोर्चा संभालते हुए दो जगहों से वाहनों को डायवर्ट करवाया। वाहनों को डायवर्ट करवाने के लिए पुलिस की एक टीम रावलधी टी-प्वाइंट पर जबकि दूसरी झज्जर टी-प्वाइंट पर तैनात रही।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग पर काबू पा लिया गया है और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। अभी मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही मैं कुछ की सकूंगा। -तेलूराम, सिटी थाना प्रभारी।