खाप फोगाट की बैठक में मौजूद पदाधिकारी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। सर्वजातीय फोगाट खाप की कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को खाप प्रधान सुरेश फोगाट की अध्यक्षता में हुई जिसमें सामाजिक, धार्मिक एवं किसान हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं, नशे के प्रचलन तथा डीजे पर अंकुश लगाने जैसे विषयों को भी गंभीरता से उठाया गया।
बैठक में उपस्थित खाप पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इन महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सर्वजातीय फोगाट खाप की एक विशेष पंचायत बुलाई जाएगी। साथ ही इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन का सहयोग लेने के लिए उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। खाप पदाधिकारियों ने सर्वजातीय खाप फोगाट, गांव फोगाट एवं झिंझर के सभी बुजुर्गों, युवाओं एवं समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे 15 मई को प्रातः 11 बजे बाबा स्वामी दयाल धाम में आयोजित होने वाली पंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने विचार रखें और पंचायत को सफल बनाएं।
बैठक में किला सिंह फोगाट उपप्रधान, कुलदीप सिंह फोगाट सचिव, राजबीर सिंह खजांची, सोमबीर फोगाट सह सचिव, देवेंद्र सिंह फोगाट प्रवक्ता, जलधीर सिंह इंस्पेक्टर, रामकुमार फोगाट, बलबीर सिंह फोगाट, मुगल फोगाट, महिपाल फोगाट सहित अनेक गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।