पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीन बदमाश एक ही बाइक पर सवार होकर आए थे। आरोपियों ने थाने के सामने स्कॉर्पियो के आगे बाइक लगाकर उसे रुकने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना के दौरान एक हमलावर की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
फायरिंग में 7 लोग घायल, रोहतक PGI रेफर
फायरिंग में सात लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें अंकित (चरखी दादरी), कीर्तिमान (हिसार), सूरज (मानहेरू), अंकित (भिवानी), सनी (हिसार), कृष्ण (महेंद्रगढ़) और अमित (फतेहगढ़) शामिल हैं। सभी घायलों को पहले दादरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
एसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी), डीएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। साथ ही फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से मिले साक्ष्य, गोलियों के खोल और अन्य अहम सुरागों को कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है।
CCTV खंगाल रही पुलिस, हमलावरों की तलाश तेज
हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया है। संदिग्ध वाहनों और बदमाशों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि मामला गैंगवार से जुड़ा हो सकता है, हालांकि अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।