कुरुक्षेत्र में गैस संकट कम नहीं हो रहा है। व्यवसायिक गैस आपूर्ति बंद होने के बाद रसोई गैस की मांग अचानक तेजी से बढ़ी तो ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था भी ठप हो गई। ये हालात सुधर नहीं पा रहे तो एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लाइनें लगातार बढ़ रही है। आज रविवार को भी अनेक एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लाइनें लगनी शुरू हो गई। एजेंसी खुलने से पहले ही उपभोक्ता पहुंच रहे हैं।
हालात यह है कि एजेंसी कर्मियों के साथ लगातार बहस हो रही है। उपभोक्ताओं में गैस किल्लत को लेकर आशंका गहरा रही है जबकि प्रशासन लगातार दावा कर रहा है कि कोई किल्लत नहीं है। इन दावों के बावजूद एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लाइनें कम नहीं हो रही है। शनिवार को भी शहर की दो एजेसियों ने उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ती देख शटर बंद करने पड़े थे। आज रविवार को भी उपभोक्ता सुबह से ही खाली सिलिंडर लेकर भटकने को मजबूर है।
चार दिन से भटक रहा नहीं मिल रही गैस : चेतन
गैस एजेंसी पर झांसा रोड से आए उपभोक्ता चेतन शर्मा का कहना है कि वे चार दिन से खाली सिलिंडर लेकर भटक रहे हैं लेकिन भरा सिलिंडर नहीं मिल रहा। एजेंसी पर कभी डिलिवरी मैन द्वारा काम छोड़ देने तो कभी ऑनलाइन बुकिंग न होने की बात कहकर टाला जा रहा है। आज भी गैस नहीं मिली तो घर में चूल्हा नहीं जला पाएंगे।
एलपीजी की कमी की खबरों पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विपक्ष के लोगों को कम से कम यह ध्यान रखना चाहिए कि जिन मामलों के लिए हमारी सरकार और हमारे देश की जनता जिम्मेदार नहीं है, और जो एक अंतरराष्ट्रीय संकट है, ऐसे मामलों में सभी को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।