गांधी नगर की मुख्य सड़क के बीच भरे पानी से गुजरते दुपहिया वाहन चालक।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। शहर के वार्ड नंबर-2 स्थित गांधी नगर को जाने वाली मुख्य सड़क पर सीवर लाइन बिछाने के लिए करीब 6 माह पहले की गई खुदाई के बाद अब तक मरम्मत नहीं करवाई गई है। इतना ही नहीं सीवर लाइन बिछाने के बावजूद उसका कनेक्शन भी अधूरा पड़ा हुआ है। इसके चलते स्थानीय लोगों, राहगीरों और दुकानदारों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वीरवार को हुई बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। सड़क पर दूषित पानी भर जाने से लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। जलभराव के कारण वाहन चालकों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से से करीब छह माह पहले मुख्य सीवर लाइन डालने का कार्य किया गया था लेकिन इसके बाद सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई। वहीं करीब 15 दिन पहले पेयजल लाइन का कनेक्शन करने के लिए भी सड़क पर गड्ढा खोदा गया था जो आज तक खुला पड़ा है। लोगों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण यह गड्ढा हादसों का कारण बन रहा है और कई दुपहिया चालक व राहगीर इसमें गिरकर चोटिल हो चुके हैं। दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर जलभराव और बदहाल रास्ते के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई है जिससे उनके कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत करवाई जाए और अधूरी पड़ी सीवर और पेयजल लाइन के कनेक्शन पूरे कराए जाएं ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
कोट:
मेन सीवर लाइन का कनेक्शन नहीं होने से सड़क पर भरे पानी की निकासी नहीं हो पाई है। घरों के सामने जलभराव होने के कारण बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना दूभर बना हुआ है। सीवर लाइन का कनेक्शन करवाने के लिए स्थानीय लोग कई बार विभाग के आला अधिकारियों से गुहार लगा चुके है लेकिन छह महीने का समय गुजर जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। - विनोद कुमार, स्थानीय निवासी
सड़क के बीच जलभराव होने व साथ ही पेयजल कनेक्शन के लिए गड्ढा खोदने से हालात दयनीय बने हुए है। हर रोज गड्ढे में स्कूटी और बाइक सवार गिर कर घायल हो रहे है वहीं दुकानों का कारोबार ठप होने की कगार पर पहुंचा हुआ है। हालात ऐसे बने है कि दुकानों का किराया देने तक के पैसे एकत्रित नहीं हो पाए है। प्रशासन को चाहिए कि वो जल्दी से सीवर लाइन और पेयजल लाइन का कनेक्शन करवाने का काम करवाएं।- दिनेश कुमार, स्थानीय दुकानदार
वर्सन:
लेबर नहीं मिलने के कारण सीवर लाइन कनेक्शन करने का काम अटका हुआ है। जल्दी ही एजेंसी को बोलकर कनेक्शन करवाने का काम करवाया जाएगा। इसके बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों की समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा।
- मुकेश कुमार, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग