चरखी दादरी। निकाय चुनाव में ताल ठोंकने वाले सात पार्षद और एक चेयरमैन प्रत्याशी ने मंगलवार को अपने नामांकन फार्म वापस ले लिए हैं। इसके बाद अब पार्षद के लिए 68 प्रत्याशी और चेयरमैन के लिए 11 प्रत्याशी ही मैदान में बचे हैं। दूसरी ओर मंगलवार दोपहर बाद चुनाव ऑब्जर्वर जगदीश शर्मा की निगरानी में इन सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। जिन सात पार्षद प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म वापस लिए हैं, उनमें से दो कवरिंग केंडिडेट थे। जबकि चेयरमैन के लिए नामांकन फार्म वापस लेने वाली इकलौती महिला प्रत्याशी ने भी कवरिंग केंडिडेट के तौर पर ही अपना पर्चा भरा था।
बता दें कि निकाय चुनाव के मद्देनजर 30 मई से चार जून तक नामांकन प्रक्रिया हुई थी। उस दौरान 75 प्रत्याशियों ने पार्षद के लिए और 12 ने चेयरमैन के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी। छह जून को नामांकन फार्मों की छंटनी हुई, जिसमें सभी फार्म दुरुस्त पाए गए। प्रत्याशियों के पास जमा करवाया गया नामांकन फार्म वापस लेने के लिए सात जून दोपहर तीन बजे तक का समय था। इसके अनुसार सात पार्षद और एक चेयरमैन प्रत्याशी अपना नामांकन फार्म वापस लेने पहुंचे और इसके बाद दोपहर तीन बजे चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई।
चुनाव चिह्न आवंटन प्रक्रिया के दौरान ऑब्जर्वर जगदीश शर्मा और एसडीएम अनिल यादव मौजूद रहे। शाम करीब पांच बजे तक चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी हुई। उस दौरान मनपसंद चुनाव चिह्न पाकर कुछ प्रत्याशी खिलिखिलाते नजर आए तो कुछ के चेहरे मुरझा गए। अहम बात यह है कि 10 वार्डों के प्रत्याशियों को ड्रॉ के जरिये चुनाव चिह्न दिए गए, जबकि दो चेयरमैन प्रत्याशियों के बीच एक चुनाव चिह्न को लेकर ड्रॉ निकाला गया।
- इन्होंने वापस लिए नामांकन फार्म
वार्ड-3 से बिमला देवी, वार्ड-4 से मोनिका, वार्ड-6 से मोतीलाल बिंदल, वार्ड-9 से विजय, वार्ड-18 से जगवंती, वार्ड-20 से विरेंद्र व वार्ड 21 से कविता देवी ने अपना नामांकन फार्म वापस लिया है। वहीं चेयरमैन की अगर बात करें तो सोनू देवी पत्नी शिवेंद्र फौगाट ने अपना नामांकन फार्म वापस लिया है।
- दो वार्डों में निकालने पड़े दो ड्रॉ
वार्ड-2, वार्ड-4, वार्ड-6, वार्ड-9, वार्ड-10, वार्ड-11, वार्ड-14, वार्ड-16 और वार्ड-21 के प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिह्न आवंटन के दौरान ड्रॉ निकाला गया। इतना ही नहीं, वार्ड 11 और 16 में तो दो-दो प्रत्याशियों की पसंद एक होने के चलते दो बार ड्रॉ निकालने पड़े।
- जानिए...चेयरमैन के किस प्रत्याशी को क्या मिला चुनाव चिह्न
प्रत्याशी नाम- चुनाव चिह्न
बक्शी सैनी- कमल का फूल
बलराज फौगाट- हाथी
राहुल वत्स- चश्मा
शिवेंद्र फौगाट- झाडू़
अनीता जांघू- ईंट
मनोज- घंटी
रविंद्र गुप्ता- रिक्शा
राजेश शर्मा- कुर्सी
रामफल- कैंची
विरेंद्र पप्पू- बस
संदीप कुमार- कुल्हाड़ी
(नोट : कुर्सी के चुनाव चिह्न के लिए रविंद्र गुप्ता व राजेश शमा के बीच ड्रॉ हुआ)
-------
वर्जन::
सात पार्षद प्रत्याशियों और एक चेयरमैन प्रत्याशी ने अपना नामांकन फार्म वापस लिया है। उसके बाद चुनाव चिह्न आवंटन की प्रकिया हमने पूरी कर दी है। पार्षद के लिए अब 68 और चेयरमैन के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में हैं।
- अनिल यादव, एसडीएम, दादरी।
-------