चरखी दादरी। एनएच-152 डी के समीप किसान आंदोलन के समर्थन में जनसंगठनों का धरना 17वें दिन भी जारी रहा। रविवार को विभिन्न गांवों से लोग धरने को समर्थन देने पहुंचे। फौगाट खाप के प्रधान बलवंत सिंह ने बताया कि 18 मार्च को हरियाणा की सर्वखाप पंचायत की ओर से बनाई कमेटी की पंचायत रोहतक जिले के टिटोली धरनास्थल पर होगी, जिसमें आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
धरने की अध्यक्षता सांगवान खाप-40 के सचिव नरसिंह डीपीई, पंचगामा चिड़िया खाप के प्रधान राजबीर शास्त्री, सतगामा खाप से मोतीराम कलकल व राजकुमार हड़ोदी ने संयुक्त रूप से की। वहीं, मंच संचालन खाप फौगाट-19 के सचिव सुरेश फौगाट ने किया। चिड़िया-5 खाप के प्रधान राजबीर शास्त्री ने कहा कि अगर सरकार किसानों की जायज मांगों को नहीं मानती है तो आने वाले समय में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। रणधीर सिंह घिकाड़ा व ईश्वर रावलधी ने कहा कि इस सरकार ने किसान, जवान, मजदूर, छोटे व्यापारी, आशा वर्कर, पटवारी आदि किसी को नहीं बख्शा है, आने वाले समय में अगर इनका इलाज नहीं किया गया तो ये किसी को नहीं छोड़ेंगे।