संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने कहा कि किसी भी तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्कता जरूरी है। उन्होंने कहा कि आजकल साइबर अपराधी वॉइस क्लोनिंग के जरिये वारदात कर रहे हैं।
इसमें अपराधी आवाज को क्लोन करने के लिए एडवांस सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करते हैं और पीड़ितों को ये भरोसा दिलाया जाता है कि वे मुश्किल में फंसे अपने परिवारजनों या बच्चों से बात कर रहे हैं। उनके झांसे में आकर लोग धोखाधड़ी का शिकार बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि वॉइस क्लोनिंग धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्कता सबसे जरूरी है।
इन बातों का ध्यान रखकर बच सकते हैं धोखाधड़ी से
1. कॉलर वेरिफिकेशन : हमेशा इंक्वायरी करने वाले प्रश्न पूछकर या उससे जुड़े किसी अधिकारी से संपर्क कर काॅल करने वाले की पहचान वेरिफाई करें। बिना कॉलर वेरिफिकेशन के कोई भी कार्य करने से बचें।
2. वित्तीय लेन देन में सावधानी रखें : सभी वित्तीय लेनदेन करने में सावधानी रखे। बैंक अकाउंट संबंधित जानकारी किसी से भी साझा न करे। फोन पर किसी भी प्रकार की संवेदनशील जानकारी भी किसी को न दें।
3. संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट करें : किसी भी संदिग्ध कॉल या धोखाधड़ी वाली गतिविधियों की रिपोर्ट साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 और नजदीकी पुलिस स्टेशन में करे।