चरखी दादरी। शहर के दिल्ली रोड स्थित ऑटो मार्केट में शुक्रवार रात चोरों ने दो दुकानों से सामान और नकदी चोरी कर ली। पीड़ित दुकानदारों की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला गांधीनगर निवासी रामकिशन ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें उन्होंने बताया कि उनकी स्पेयर पार्ट्स की दुकान दिल्ली रोड पर ऑटो मार्केट में है। शुक्रवार शाम वह दुकान बंद करके घर गए लेकिन जब शनिवार को वह दुकान पर आए तो उन्हें दुकान के गल्ले से नकदी और समान गायब मिला। दुकान में जांच करने पर पता चला कि चोर 1,80,000 रुपये, आठ मीटर, पांच अल्टीनेटर, 110 बैरिंग, चार क्लचप्लेट, आठ पिस्टन, आठ वाटर बाॅडी, 10 मिंडा गरारी चोरी कर ले गए। चोरी गए इस सामान की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये है।
वहीं, गांव लोहरवाड़ा निवासी विनोद ने शनिवार को पुलिस तहरीर दी। बताया कि रामकिशन की दुकान से सटी उसकी म्यूजिक सिस्टम की दुकान से भी चोर 37,700 रुपये, दो बॉक्स और एक एम्पलीफायर चोरी कर ले गए। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।