फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: रवि को सुधरी शहर की सड़कों की 'छवि'

Mon, 16 Oct 2023 12:20 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। शहर में पहली बार रविवार को भी अतिक्रमण पर जेसीबी चली। नगर परिषद और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में शहर के रोहतक रोड और सरदार झाडू सिंह चौक से झज्जर घाटी की तरफ जाने वाले मुख्यमार्ग पर अभियान चलाया। सात घंटे तक चले अभियान के दौरान करीब 100 चबूतरे और 4 शौचालय तोड़े गए।
विज्ञापन

सुबह करीब 9 बजे शहर के रोहतक रोड पर पहुंचकर पीडब्ल्यूडी टीम ने सजरा देखा तो सड़क साढ़े 93 फुट की मिली। इसके बाद टीम ने हालात देखे तो कई जगहों पर अतिक्रमण मिला। टीम ने दुकानों के आगे बने चबूतरे तोड़े और पीडब्ल्यूडी की हद में अस्पतालों के आगे रखे जेनरेटर को हटाने के निर्देश दिए। प्रतिष्ठान मालिकों ने एक दिन का समय मांगा और जेनरेटर छत पर शिफ्ट करने का आश्वासन दिया। इसके बाद टीम ने पुलिस कॉलोनी के गेट के बाहर रखे लोहा के खोखों पर जेसीबी चलाई। घिकाड़ा मोड़ पर कार्रवाई समाप्त की गई।
इसके बाद टीम सरदार झाडू सिंह चौक रोड पर झज्जर घाटी मोड़ पहुंची और वहां से एकसमान चबूतरों पर पीला पंजा चलाया। यहां सभी दुकानों और मकानों के चबूतरे सरकारी जगह पर मिले। इतना ही नहीं कुछ भू-मालिकों ने अपने शौचालय तक सरकारी जमीन पर बनाए हुए थे, जिन्हें टीम ने जेसीबी से ध्वस्त किया। इतना ही नहीं इस मार्ग पर स्थानीय लोग रविवार को मिट्टी के बर्तनों की मार्केट भी नहीं लगा पाए और शाम तक तोड़े गए चबूतरों का मलबे में काम का सामान वो तलाशते रहे। मातृ-शिशु अस्पताल से थोड़ा पीछे तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
विज्ञापन


नीचे टूटते रहे चबूतरे, छत से लोग देखते रहे कार्रवाई
सरदार झाडू सिंह चौक रोड से झज्जर घाटी मार्ग पर 100 से अधिक प्रतिष्ठान है। खास बात ये है कि ज्यादातर मालिकों ने अपने आशियानों के अंदर आने-जाने के लिए सीढ़ी सरकारी जमीन पर ही बना रखी हैं। रविवार को एक समान चबूतरों पर जेसीबी चली और घरों के बुजुर्ग व बच्चे छत से कार्रवाई होती देखते रहे।

सुबह किया कार्रवाई का विरोध, पैंतरा नहीं आया काम
सुबह रोहतक रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। ओबीसी बैंक से आगे चलकर अभियान का एक बार विरोध भी हुआ, लेकिन अधिकारियों ने कार्रवाई नहीं रोकी। इससे खफा एक प्रदर्शनकारी ने अधिकारियों पर रुपये लेने का आरोप भी लगाया और सोमवार को शिकायत करने की चेतावनी देकर दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन उसका ये पैंतरा काम नहीं आया।

तीन दिन और चलेगी कार्रवाई
अतिक्रमण हटाओ अभियान का दूसरा चरण 6 दिन का है। शुक्रवार से दूसरे चरण की शुरुआत हुई थी और बुधवार तक नियमित कार्रवाई होनी है। अभी सोमवार, मंगलवार और बुधवार को भी टीम अभियान चलाएगी और इस दौरान कुछ जगहों पर बड़ी कार्रवाई होने के कयास लगाए जा रहे हैं।


रविवार को रोहतक रोड और सरदार झाडू सिंह चौक से झज्जर घाटी मोड़ तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान चबूतरों को तोड़ा गया। कार्रवाई सोमवार को भी जारी रहेगी।
विज्ञापन

-अभे सिंह यादव, ईओ, नगर परिषद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें