फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुख्य प्वाइंट्स और दस घरों पर लगेगा क्यूआर स्केनर,कचरा उठान में कोताही नहीं कर सकेंगे कर्मचारी

विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। शहर से डोर-टू-डोर कचरा उठान में अब कर्मचारी कोताही नहीं बरत सकेंगे। इसके लिए नगर परिषद अधिकारी जल्द ही नई व्यवस्था लागू करने जा रहे हैं। इसके तहत शहर के सभी मुख्य प्वाइंट्स और प्रत्येक दस घरों पर एक क्यूआर स्केनर लगाया जाएगा। इससे यह पता चलेगा कि घरों से कचरा उठान के लिए वाहन किस समय पहुंचा। अब तक शहर में यह व्यवस्था नहीं है जिसका फायदा नगर परिषद के कर्मचारी उठा रहे हैं।
विज्ञापन

दादरी शहर में पिछले करीब डेढ़ साल से सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। आलम ये है कि पार्षद तक मौजूदा व्यवस्थाओं से संतुष्ट नहीं हैं और एक सप्ताह पहले आयोजित बैठक में उन्होंने अपनी पीड़ा खुलकर अधिकारियों के सामने बया भी की। संवाददाता ने नगर परिषद अधिकारियों से सफाई व्यवस्था में सुधार और कर्मचारियों के कार्यों की निगरानी को लेकर बातचीत की तो उन्होंने कहा कि इन दोनों बिंदुओं पर काम करने की योजना तैयार की जा चुकी है।
अधिकारियों के अनुसार सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए जल्द ही एजेंसी हायर कर ली जाएगी। इस एजेंसी से एक साल का करार किया जाएगा। एजेंसी हायर करने के लिए टेंडर आमंत्रित किया जा चुका है जो 19 अक्तूबर को ओपन होगा। इसके बाद कचरा उठान की जिम्मेदारी एजेंसी की होगी जबकि नगर परिषद के अधिकारी एजेंसी के काम की निगरानी करेंगे। इसके लिए क्यूआर स्केनर की व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे ये पता चल सकेगा कि एजेंसी के कर्मचारी कचरे का उठान नियमित और समय पर कर रहे हैं या नहीं। अधिकारियों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही वर्क ऑर्डर जारी कर नई व्यवस्था के अनुसार कचरे का उठान कराया जाएगा। एजेंसी के जरिये शहर से कचरा उठान कराने पर प्रतिवर्ष करीब सवा दो करोड़ रुपये लागत आएगी।
विज्ञापन

नगर परिषद के पास नहीं पर्याप्त संसाधन
शहर की आबादी और दायरे के अनुसार नगर परिषद के पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। इसके चलते पिछले लंबे समय से कई वार्डों में सफाई व्यवस्था बेपटरी है। आलम यह है कि शहर में सफाई करने वाले नगर परिषद कर्मचारियों के वार्ड से ही नियमित कचरे का उठान नहीं हो रहा। इन तमाम पहलुओं को देखते हुए नगर परिषद ने सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए एजेंसी हायर करने की योजना तैयार की है।
प्रतिदिन शहर से निकलता है 20 टन कचरा
दादरी शहर की अगर बात करें तो 21 वार्डों और बाजार से प्रतिदिन 20 टन, प्रतिमाह 600 टन और प्रतिवर्ष करीब 7200 टन कचरा निकलता है। कचरे के निस्तारण के लिए नगर परिषद के वाहन प्रतिदिन 300 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करते हैं। इसके बावजूद कुछ वार्ड नियमित कचरा उठान से वंचित रह जाते हैं। एजेंसी हायर करने के बाद कचरा उठान की जिम्मेदारी तय हो जाएगी।
कैसे काम करेगा क्यूआर स्केनर
नगर परिषद सचिव प्रवीन कुमार ने बताया कि वार्डों की सभी मुख्य जगहों और प्रत्येक दस घर पर एक क्यूआर स्केनर लगाया जाएगा। कचरा उठान करने वाली गाड़ी जब क्यूआर स्केनर के सामने से गुजरेगी तो इसका ब्योरा नगर परिषद के पास पहुंच जाएगा। इससे ये पता चल जाएगा कि किस दिन कहां से गाड़ी ने कचरे का उठान नहीं किया।
ये हैं नप के पास मौजूदा संसाधन
संसाधन- संख्या
ट्रैक्टर-ट्रॉली-5
स्वीपिंग मशीन-1
ऑटो टीपर-27
थ्री व्हीलर-1
डंपर प्लेजर-1
लोडर-1
सफाई कर्मचारी- 220
हाथ रेहड़ी-30
तीन पहिया रिक्शा-20
डोर-टू-डोर कचरा उठान का टेंडर 19 को ओपन होगा। नई व्यवस्था के तहत एजेंसी के कर्मचारियों के कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और इसके लिए पूरे शहर में क्यूआर स्केनर लगाए जाएंगे। यह व्यवस्था दादरी शहर में पहली बार होगी।
विज्ञापन

प्रवीन कुमार, सचिव, नगर परिषद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें