चरखी दादरी। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में एसडीएम डाॅ. विरेंद्र सिंह ने स्थानीय नई अनाज मंडी परिसर का दौरा कर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव, वीर शहीदों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
इसलिए समारोह की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें। उन्होंने समारोह के दौरान होने वाली सांस्कृतिक टीमों की तैयारी, परेड सहित विभिन्न गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।
एसडीएम अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल की साफ-सफाई, मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक प्रबंधों को समय रहते पूरा किया जाए। समारोह स्थल पर आने वाले आमजन एवं विद्यार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
एसडीएम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परेड तथा अन्य गतिविधियों की तैयारियों को भी निर्धारित समय के अनुसार पूरा करवाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं तालमेल के साथ कार्य करें। समारोह स्थल पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए जाएं।