जॉब के लिए साक्षात्कार लेते अधिकारी।
- फोटो : 1
झोझू कलां। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कलाली-बलाली में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला (पीएमएनएएम) का आयोजन किया गया। महा रोजगार मेले में 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न ट्रेडों के 84 युवाओं का रोजगार व अप्रेंटिसशिप के लिए चयन किया गया।
रोजगार मेले में क्षेत्र के समाजसेवी महादेव बलाली और नरेश ठेकेदार झोझू खुर्द मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मेले में भाग लेने वाली कंपनियों का आभार जताते हुए कहा कि साधारण परिवारों के युवाओं को उनके घर के नजदीक रोजगार के अवसर मिलना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक युवा के पास रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर होगा।
आईटीआई के प्राचार्य सुरजीत बजाड़ ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को एक ही स्थान पर रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन लगातार किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को उद्योगों से जोड़कर रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने मेले के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले संस्थान के सभी स्टाफ सदस्यों की सराहना की।
अप्रेंटिस शाखा के अंकुर मित्तल और क्लर्क दीपक ने बताया कि रोजगार मेले में 20 से अधिक नामी कंपनियों ने भाग लिया। कंपनी प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ कार्य के दौरान आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण और बेहतर कॅरिअर के अवसर उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।