- पोस्टल चालान भेजते समय पॉल्यूशन, आरसी और इंश्योरेंस के दस्तावेज की खामी भी दर्शाएगा पोर्टल, चालान में जुड़ेगी जुर्माना राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। पोस्टल चालान का सॉफ्टवेयर अपडेट हो गया है। अब अगर ओवर स्पीड में चलने वाले, गलत पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर पोस्टल चालान होगा तो अन्य अधूरे दस्तावेज का भी साथ में चालान कटेगा। इसकी पुष्टि एसपी अर्श वर्मा ने की है।
एसपी ने कहा है कि कई वाहन चालक अपने वाहन को सड़क के बीच या नो पार्किंग में ऐसी जगह खड़ा करते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित होती है। इससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस उक्त वाहन का फोटो खींचकर गलत पार्किंग से संबंधित पोस्टल चालान करती है।
पोस्टल चालान के सॉफ्टवेयर को अब अपडेट किया गया है। अगर किसी वाहन का पार्किंग चालान होता है और उसका रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और पॉल्यूशन समाप्त हो चुका है तो उस वाहन का गलत पार्किंग के साथ रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और पॉल्यूशन का चालान भी अपने आप हो जाएगा। उसे सभी का जुर्माना अदा करना पड़ेगा। साथ ही ट्रैफिक पुलिस ओवरस्पीड वाहनों का भी पोस्टल चालान करती है।
पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी अर्श वर्मा ने वाहन चालकों से अपील की है कि अपने वाहन को निर्धारित गति सीमा में चलाएं। अपना वाहन किसी भी जगह पार्क कर यातायात व्यवस्था को बाधित न करें। यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में पुलिस की मदद करें और अपने वाहन के सभी कागजात पूर्ण रखें।