बैंकों के सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा बैठक में मौजूद एसपी दीपक गहलावत व अन्य पुलिस अधिकारी।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। सुरक्षा प्रबंधों में चूक बरतने वाले बैंकों के खिलाफ अब पुलिस एक्शन मोड़ में नजर आएगी। मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित बैंकों के सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत ने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि जिन बैंकों में गार्ड और सीसीटीवी की व्यवस्था नहीं मिलेगी, उन्हें पुलिस नोटिस देगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि बैंक अधिकारी अपने-अपने प्रतिष्ठान की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें। सुरक्षा प्रबंधों में कहीं किसी प्रकार की खामी नहीं होनी चाहिए। बैंकों के साथ आसपास के जिलों में अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इस प्रकार की वारदात को रोकने के लिए बैंकों का सहयोग होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बैंक के सुरक्षाकर्मियों का मोबाइल नंबर साथ लगते थाना को दिया जाना चाहिए। बैंकों के शाखा प्रबंधक भी अपने फोन में थाना प्रबंधक या पर्यवेक्षण अधिकारी का मोबाइल नंबर सेव करके रखें। बैंक परिसर के सुरक्षा मानकों की समय-समय पर जांच की जानी चाहिए। सुरक्षा गार्ड को निर्देश दें कि वे बैंक के अंदर घूमने की बजाय बाहर गेट पर सतर्कता से अपनी ड्यूटी करें। इसी प्रकार सभी एटीएम में भी सीसीटीवी कैमरे व सुरक्षा गार्ड होने चाहिए। जहां गार्ड व कैमरे नहीं होंगे, उन बैंकों को पुलिस नोटिस जारी करेगी।
90 दिनों की स्टोरेज क्षमता वाले हों कैमरे
एसपी दीपक गहलावत ने कहा कि बैंकों में सीसीटीवी कैमरे हाई रेज्यूलेशन के हों और उनकी रिकार्डिंग कम से कम 90 दिनों की होनी चाहिए। बैंक के बाहर उच्च क्वालिटी के नाइट विजन वाले कैमरे लगवाएं। बैंकों का अलार्म सिस्टम दुरुस्त होना जरूरी हैं। कैश को सेंटर लॉक लगाकर बंद रखें और इसे निकालते समय भी सावधानी रखें कि आसपास आम आदमी न हो। कैश वैन पर लगे सीसीटीवी कैमरों को समय- समय चेक करे और कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें।
सशस्त्र को इस्तेमाल कर चेक करते रहें सुरक्षाकर्मी
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बैंक सुरक्षाकर्मियों के शस्त्रों की सर्विस होती रहनी चाहिए। इन्हें एक-दो बार इस्तेमाल कर चेक करते रहें। शस्त्रों की सफाई आदि कार्य के लिए पुलिस थानों से भी बैंक अधिकारी सहयोग ले सकते हैं। बैठक में उपपुलिस अधीक्षक जोगेंद्र सिंह, यातायात थाना प्रभारी ओमप्रकाश, एलडीएम ऑफिस से राजवंती यादव, भिवानी सेंट्रल कॉआपरेटिव बैंक के शाखा प्रबंधक अशोक वर्मा आदि उपस्थित रहे।