चरखी दादरी। राजकीय महाविद्यालय बिरोहड़ में यूथ रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में युवा दिवस मनाया गया। इस दौरान छात्रों को नशामुक्ति का संकल्प कराया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अनीता फौगाट ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और युवा दिवस की बधाई दी।
डॉ. अनिता ने छात्रों को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। डॉ. फौगाट ने कहा कि युवाओं को परिवार व समुदाय में नशा के प्रति लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। कार्यक्रम के संयोजक एवं यूथ रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. अमरदीप ने कहा कि विश्व के विकास की प्रक्रिया युवाओं के कंधों पर टिकी है। युवा शक्ति के बिना कोई भी देश या क्षेत्र मजबूत नहीं हो सकता है। ऐसे परिदृश्य में युवाओं का स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है।
वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि विश्व युवा दिवस का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि युवा एक बड़े बदलाव का प्रतीक है और नशा मुक्त भारत अभियान अब समय की जरूरत है। इस अवसर पर डॉ. अमरदीप ने विद्यार्थियों को नशा निषेध की शपथ दिलवाई और भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सौजन्य से युवाओं की बेहतरी के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. नरेंद्र सिंह, राजेश कुमार, डॉ. जयप्रकाश शर्मा का सहयोग रहा।