दादरी जिले में 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं और आयुष्मान भव: के तहत पहले चरण में 9 पीएचसी कवर की जाएंगी। इसके बाद बाकी तीन और पीएचसी को भी इस दायरे में जाने की योजना है। जिले के गांव सांवड़, रानीला, इमलोटा, अचीना, कादमा, माईकलां, बाढड़ा, संतोकपुरा, मानकावास, बलकरा, छपार व हड़ोदी में पीएचसी सुविधा है। आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को 5 लाख तक के उपचार की सुविधा है। इसके तहत लाभार्थी पैनल में शामिल किसी निजी अस्पताल के अलावा सिविल अस्पताल या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपना उपचार करवा सकता है। उपचार का खर्च सरकार की ओर से संस्थान को वहन किया जाता है। प्रत्येक संस्थान लाभार्थी का ब्योरा भेजता है और उसके बाद ही भुगतान प्रक्रिया अमल में लाई जाती है।
आयुष्मान भव: के लाभार्थियों के उपचार के लिए सरकार ने प्रावधान किया है। इसके तहत 228 प्रकार के ऑपरेशन, 70 प्रकार के टेस्ट, 21 तरह का डेंटल उपचार और 541 प्रकार की दवा सुविधा का प्रावधान है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को ये सुविधा रास भी आ रही है।
अधिकारी के अनुसार
जिले की 12 में 9 पीएचसी की सूची तैयार कर मुख्यालय भेज दी गई है। सिविल अस्पताल और सीएचसी की तर्ज पर पीएचसी को भी आयुष्मान भव: के लाभार्थियों का उपचार करने पर सरकार की ओर से राशि जारी की जाएगी। पीएचसी पर इससे जो आय होगी उसे जनसुविधाओं पर ही खर्च किया जाएगा। -डॉ. गौरव भारद्वाज, डिप्टी सीएमओ,चरखी दादरी।