दादरी में 13 सितंबर को हुई बारिश के बाद से कुछ गांवों समेत शहर के लोहारू रोड एक्सटेंशन कॉलोनी में जलभराव की समस्या बनी है। बुधवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे कॉलोनी के लोग लामबंद होकर एनएच-334 पर पहुंचे और देहाती ठाठ के सामने रोड जाम कर दिया।
चरखी-दादरी में जलभराव की समस्या से त्रस्त लोहारू रोड एक्सटेंशन कॉलोनी के लोगों ने बुधवार को एनएच-334 पर दो जगह लाम लगाया। करीब 2 घंटे 45 मिनट बाद पुलिस कर्मचारियों ने सख्ती बरतते हुए 20 महिलाओं समेत 25 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर जाम खुलवाया। हालांकि लोगों के थाने पहुंचने और मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रिहा कर दिया। इतना ही नहीं संबंधित विभाग की ओर से पानी निकासी का आश्वासन दिया गया।
विज्ञापन
बता दें कि 13 सितंबर को हुई बारिश के बाद से कुछ गांवों समेत शहर के लोहारू रोड एक्सटेंशन कॉलोनी में जलभराव की समस्या बनी है। बुधवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे कॉलोनी के लोग लामबंद होकर एनएच-334 पर पहुंचे और देहाती ठाठ के सामने रोड जाम कर दिया। इसके बाद 11:42 पर प्रदर्शनकारी यहां से शहर के लोहारू चौक पहुंचे और ओवरब्रिज के नीचे रोड जाम कर दिया। इसके बाद यहां पुलिस कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई गई, लेकिन लोगों ने जाम नहीं खोला।
12:05 मिनट पर पुलिस की टीम बस लेकर वहां पहुंची और सख्ती बरतते हुए प्रदर्शनकारियों को उठाकर बस में बैठाना शुरू कर दिया। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी महिला चोटिल और बेसुध हो गई और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, पुलिस प्रदर्शनकारियों को बस में बैठा कर सिटी थाने ले गई।
विज्ञापन
थाने में पहुंचे लोग तो एसडीएम और डीएसपी भी आए
प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के बाद उनके अन्य साथी थाने पहुंच गए। इसके बाद व्यापार मंडल पदाधिकारियों समेत निर्दलीय प्रत्याशी अजीत फोगाट भी थाने आ गए। वहीं, मामला तूल पकड़ देख एसडीएम नवीन कुमार और डीएसपी धीरज कुमार भी थाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि वहां संबंधित विभाग से समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिलाया गया जबकि प्रदर्शनकारियों को भी रिहा कर दिया गया।