- ज्यादातर मरीज खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित, चिकित्सकों ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
- 1000 के बजाय 1250 से अधिक मरीज पहुंच रहे सिविल अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। मौसम के बदलते मिजाज के बीच सिविल अस्पताल की दैनिक ओपीडी 20 फीसदी तक बढ़ गई है। मौसम की मार के चलते लोग खांसी, जुकाम व बुखार की चपेट में आ रहे हैं। पिछले पांच दिन से प्रतिदिन इन बीमारियों से ग्रस्त 250 से अधिक मरीज उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंच रहे हैं। वहीं, चिकित्सक लोगों को इस मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
सामान्य दिनों में जहां ओपीडी 1000 के करीब रहती थी, अब 1250 के पार चल रही है। अब पिछले तीन दिनों से 850 पार चल रही है। इसमें से 25 फीसदी मरीज खांसी, जुकाम व बुखार से ग्रस्त हैं। वहीं, सिविल अस्पताल के अलावा मातृ-शिशु अस्पताल, तीनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों समेत चालीस उप स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी बढ़ी है। इस मौसम में चिकित्सकों ने लोगों से सावधानियां बरतने की अपील की है। चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में खांसी, जुकाम, बुखार आदि की शिकायत होने पर नजरअंदाज न करें, बल्कि सीधे स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर चिकित्सक से परामर्श लें।
- यह है स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या और ओपीडी की स्थिति
जिले में सिविल अस्पताल के अलावा एक मातृ-शिशु अस्पताल, तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। सिविल अस्पताल की ओपीडी सामान्य दिनों में 1000 रहती है जो अब 1250 के पार चल रही है। इसी प्रकार, एमसीएच की दैनिक ओपीडी करीब 150 रहती है। यहां प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इस प्रकार, एक सीएचसी की ओपीडी 80 रहती है, यहां भी मरीजों की संख्या 120 तक पहुंची हुई है। पीएचसी में करीब 15 मरीज प्रतिदिन पहुंचते हैं। यहां भी मरीजों की संख्या 25 के पार चल रही है।
- इस मौसम में इन बातों का रखें ख्याल
- रात को सोते समय पूरे कपड़े पहनकर ही सोएं।
- जुकाम, खांसी व बुखार होने पर चिकित्सक से राय लें।
- बुजुर्गों और बच्चों का इस मौसम में विशेष ध्यान रखें।
- स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
वर्सन:
मौसम का मिजाज बदलने से ओपीडी बढ़ी है। ज्यादातर मरीज सामान्य बीमारियों जैसे खांसी, जुकाम, खराश और बुखार से पीड़ित हैं। लोगों से अपील है कि स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होने पर तत्काल चिकित्सक के पास पहुंचकर परामर्श लें।
-डॉ. आशीष मान, डिप्टी सीएमओ, चरखी दादरी
फोटो 01
सिविल अस्पताल में उपचार करवाने पहुंचे मरीज। संवाद