एमसीएच में 70 बेड के लिए बनेगा ऑक्सीजन प्लांट
स्वास्थ्य विभाग ने जिले में दूसरा ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी की शुरू, सभी बेड पर इंटिग्रेटिड ऑक्सीजन पाइपलाइन सुविधा करने की भी योजना
चरखी दादरी। सिविल अस्पताल के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने एमसीएच (मातृ-शिशु अस्पताल) अस्पताल में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारियां शुरू कर दी है। प्रारंभिक योजना के अनुसार अस्पताल के सभी 70 बेड के लिए यह प्लांट लगाया जाएगा, लेकिन भविष्य में बेड संख्या में होने वाली बढ़ोतरी का भी विभाग ख्याल रखेगा। एमसीएच में दूसरा ऑक्सीजन प्लांट लगाने की योजना पर विभाग तेजी से काम कर रहा है और एक सप्ताह पहले दादरी आए डिप्टी सीएम ने भी इस योजना पर रिपोर्ट तलब की थी।
कोरोना की दो लहर झेलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाया है और करीब डेढ़ माह पहले ही इसका शुभारंभ किया गया है। इसके निर्माण पर करीब एक करोड़ रुपये लागत आई है और अस्पताल के वार्डों के सभी बेड को इस प्लांट से जोड़ने की प्रक्रिया पर काम चल रहा है। मार्च के मध्य तक यह काम पूरा होने की उम्मीद है और इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मातृ-शिशु अस्पताल में भी एक ऑक्सीजन प्लांट लगाने की योजना तैयार कर ली है। जिले में दो ऑक्सीजन प्लांट लगने से दादरी को दूसरे जिलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस समय विभाग सिविल अस्पताल और एमसीएच के करीब 160 बेड पर इंटिग्रेटिड ऑक्सीजन पाइपलाइन सुविधा शुरू करने में जुटा है।
वर्जन::
एमसीएच में एक ऑक्सीजन प्लांट लगाने की हमारी योजना है। गत 11 फरवरी को डिप्टी सीएम ने भी बैठक के दौरान इस पर अपडेट ली थी। जल्द से जल्द ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करवाने का हमारा प्रयास रहेगा।
- डॉ. संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ