चरखी दादरी। तीन दिन के अवकाश के बाद मंगलवार को नागरिक अस्पताल की ओपीडी खुली और दोपहर बाद तक मरीजों की कतार लगी रही। सुबह से शाम तक अस्पताल में करीब 1,100 मरीज उपचार कराने पहुंचे जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या एक हजार से कम रहती है। इसी प्रकार एमसीएच और सीएचसी व पीएचसी पर भी मरीजों की भीड़ उमड़ी। जिले की ओवरऑल ओपीडी मंगलवार को 1,800 का आंकड़ा पार कर गई।
ओपीडी में अधिक मरीज होने के कारण अव्यवस्था का माहौल रहा। चिकित्सकों के ओपीडी कक्ष के बाहर 2 बजे तक मरीजों की लाइन लगी रही। इससे पहले सुबह करीब आठ बजे नागरिक अस्पताल में मरीज पहुंचना शुरू हुए और 9 बजे तक ओपीडी पर्ची काउंटर और दवा काउंटर पर भीड़ लग गई। मरीजों की भीड़ दोपहर बाद तक रही और इसके चलते उन्हें उपचार कराने में काफी समय लगा।
दरअसल, शनिवार के साथ रविवार और सोमवार को अवकाश रहा व इसके चलते नागरिक अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर ज्यादातर सेवाएं बाधित रहीं। मंगलवार को नागरिक अस्पताल खुलते ही मरीज पहुंचने शुरू हो गए। इसके अलावा जिले की तीनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों समेत शहर स्थित मातृ-शिशु अस्पताल की ओपीडी भी सामान्य दिनों के मुकाबले अधिक रही।
वहीं, लैब व टीकाकरण कक्ष के सामने भी मरीजों की लाइन लगी रही। उपचार के लिए अपना नंबर लगाने के लिए मरीज एक-दूसरे से उलझते भी नजर आए। हालांकि स्टाफ ने मोर्चा संभालते हुए मामला शांत करा दिया।
खांसी, जुकाम व बुखार के पहुंचे 350 मरीज
मंगलवार की अगर बात करें तो नागरिक अस्पताल में करीब 350 मरीज खांसी, जुकाम और बुखार से ग्रस्त पहुंचे। इसके अलावा 130 मरीज एक्स-रे कराने पहुंचे। करीब 100 मरीज हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास पहुंचे। इसके अलावा 85 लोग टीकाकरण कराने और 250 अलग-अलग सैंपल की जांच कराने पहुंचे।
मरीज बोले-अस्पताल खुलने का था इंतजार
- बेटा बीमार है और तीन दिन की छुट्टी खत्म होने के बाद आज बेटे का उपचार कराने नागरिक अस्पताल पहुंचा हूं। करीब दो घंटे से इंतजार कर रहा हूं और भीड़ ज्यादा होने के कारण नंबर नहीं आ रहा।
प्रवीन, दादरी
- जोड़ों में दर्द की समस्या से परेशान हूं। शनिवार को अस्पताल आने वाली थी, लेकिन पता चला कि सोमवार तक छुट्टी है। मंगलवार सुबह अस्पताल पहुंची तो मरीजों की भीड़ मिली। अभी तक दवा नहीं ले पाई हूं।
बोहती, ढाणी फोगाट
तीन दिन के अवकाश के चलते मंगलवार को मरीजों की संख्या बढ़ी है। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी गई। सभी मरीज उपचार करवाकर घर लौटे।
डॉ. आशीष मान, डिप्टी सीएमओ, चरखी दादरी।