चरखी दादरी। लंबे समय से शहर में खल ही पार्किंग की कमी जल्द दूर होगी। इसके लिए नगर आयुक्त डॉ. जयेंद्र छिल्लर ने नगर परिषद अधिकारियों को साइट देखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी जल्द ही पांच साइट तय कर सर्वे रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंपेंगे और उसके बाद आगामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
बता दें कि शहर में लंबे समय से पार्किंग की कमी बनी है और इसके चलते बाजार आने वाले लोगों को अपने वाहन सड़क पर खड़े करने पड़ रहे हैं। ऐसी स्थिति में कई बार उन्हें पुलिस कार्रवाई का सामना भी करना पड़ जाता है। दूसरी ओर शहर के व्यापारी लगातार जिला प्रशासन से शहर में पार्किंग निर्माण की मांग कर रहे हैं। अब जाकर व्यापारियों की ये मांग परवान चढ़ती नजर आ रही है।
हाल ही में नगर आयुक्त ने नगर परिषद अधिकारियों को शहर में पार्किंग की कमी दूर करने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को शहर में कम से कम पांच जगह तय करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद इनमें से सबसे उपयुक्त जगह तय की जाएगी। दूसरी ओर शहर को कम से कम दो पार्किंग की दरकार है। वहीं, व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने जो जगह प्रशासन को बताई थी वहां अगर पार्किंग बनाई जाए तो उपयुक्त रहेगा।
- नाममात्र लिया जाएगा शुल्क
पार्किंग के नाम पर वाहन चालकों की जेब नहीं काटी जाएगी। शुरुआत में शुल्क राशि बेहद कम तय की जाएगी। नगर आयुक्त के निर्देश हैं कि शुल्क राशि उतनी ही तय हो जिससे पार्किंग संचालन का खर्च निकल सके। उन्होंने कहा कि ऐसी लोकेशन देखी जाए जहां आसानी से कई वाहन खड़े हो सके और लोगों को दिक्कतों का सामना भी न करना पड़े।
- पीली पट्टी के नियम का नहीं हो रहा पालन
इस समय शहर की सड़कों पर पीली पट्टी तो खींची हुई है, लेकिन इस नियम का पालन नहीं हो रहा है। बस स्टैंड रोड की बात करें तो ज्यादातर वाहन पीली पट्टी से आगे खड़े होते हैं। इसके चलते शहर में कई बार जाम की स्थिति बनी रहती है। पार्किंग बनने के बाद ये समस्या काफी हद तक दूर होने की संभावना है।
जल्द से जल्द शहर में पार्किंग बनाने की योजना है। अधिकारियों को चार से पांच जगह का विकल्प तलाशने के निर्देश दिए गए है। चालकों के लिए पार्किंग शुल्क कम से कम तय किया जाएगा।
-डॉ. जयेंद्र छिल्लर, एडीसी एवं नगर आयुक्त