चरखी दादरी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष कुमार ने बुधवार सुबह चरखी दादरी रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान डीआरएम ने अमृत भारत योजना के तहत चल रहे रेलवे स्टेशन पर चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का जायजा लिया। वहां करीब 3,500 दैनिक यात्रियों के लिए एकमात्र शौचालय है। यात्रियों की संख्या के लिहाज से उन्होंने इसे नाकाफी बताया। अधिकारियाें ने डीआरएम को नए शौचालय बनाने का आश्वासन दिया। डीआरएम ने सी-35 फाटक पर विशेष ट्रेन रुकवाकर यहां बनने वाले आरओबी की भी जानकारी ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 फरवरी को दादरी रेलवे स्टेशन का लोकार्पण कर सी-35 फाटक पर बनने वाले आरओबी का शिलान्यास भी करेंगे। इसके मद्देनजर डीआरएम आशीष कुमार ने बुधवार को चरखी दादरी स्टेशन का निरीक्षण कर यहां चल रहे कार्य का जायजा लिया। डीआरएम ने अधिकारियों को प्रस्तावित कार्य तय समय पर बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
इससे पहले डीआरएम आशीष कुमार की एक बोगी वाली विशेष ट्रेन सुबह 11:20 बजे स्टेशन परिसर पर आकर रुकी। स्टेशन अधीक्षक अभिनंदन कुमार ने उनका स्वागत किया। ट्रेन से उतरते ही डीआरएम ने सबसे पहले स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। इसके बाद वह बाहर मुख्य गेट पर पहुंचे और करीब पांच मिनट तक वहां खड़े होकर प्रस्तावित कार्यों के बारे में अधिकारियों से चर्चा की।
उन्होंने यहां चल रहे काम को जल्द काम पूरा करवाने के निर्देश दिए। सुबह 11:40 बजे वह ट्रेन में बैठकर सी-35 फाटक के लिए रवाना हुए। तीन मिनट तक फाटक पर ठहराव करने के बाद डीआरएम 11:45 बजे भिवानी की ओर रवाना हो गए। इस मौके पर टीआई सत्नारायण, एडीएम धर्मेंद्र, एसएसईडब्ल्यू आशुतोष, रेवाड़ी टीआई सत्यवान लांबा आदि भी मौजूद रहे।
- 18 करोड़ से बदलेगी दादरी रेलवे स्टेशन की दशा
अमृत भारत योजना के तहत दादरी रेलवे स्टेशन का स्वरूप बदला जाएगा। स्टेशन परिसर को सुधारने और सुविधाओं बढ़ाने के लिए रेलवे की ओर से 18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत स्टेशन के बाहर फुटपाथ, ऊंचे प्लेटफार्म, स्टेशन से बाहर आने का अलग रास्ता, लिफ्ट के साथ पैदल पथ, वातानुकूलित आधुनिक प्रतीक्षा कक्ष, शौचालय, पीने के पानी की सुविधा, सफाई व्यवस्था का उत्तम प्रबंध किए जाएंगे।
- 77.82 करोड़ से बनना है आरओबी
डीआरएम आशीष कुमार की विशेष ट्रेन रोहतक फाटक पर रुकी। यहां फोरलेन आरओबी का निर्माण होना है और इसके लिए प्रदेश सरकार 77.82 करोड़ का बजट जारी कर चुकी है। डीआरएम के दौरे के बाद जल्द ही आरओबी निर्माण की कवायद शुरू होने की उम्मीद है। डीआरएम ने फाटक पर ट्रेन रोककर अधिकारियों से आरओबी से संबंधी जानकारी भी ली। इस दौरान आरपीएफ जवान सतर्क नजर आए। वह प्लेटफार्म, स्टेशन परिसर से रोहतक फाटक तक वह चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे।
अमृत भारत योजना के तहत दादरी रेलवे स्टेशन का सुधार कार्य करवाया जा रहा है। इसी निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए डीआरएम दादरी आए थे। उन्होंने स्टेशन परिसर का जायजा लिया और इसके बाद सी-35 फाटक की साइट भी देखी। इस फाटक पर आरओबी बनना है। - अभिनंदन कुमार, स्टेशन अधीक्षक, चरखी दादरी।