चरखी दादरी। खाद की कमी से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने नई योजना बनाई है। अब उसी किसान को खाद मिलेगी जो पटवारी के पास जमीन की तस्दीक करवाकर लाएगा। इसके लिए विभाग की तरफ से जल्द ही प्रोफार्मा भी जारी किया जाएगा।
जिला कोऑपरेटिव सोसायटी के इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया कि खाद वितरण में सबसे ज्यादा परेशानी आ रही थी। कारण यह कि खाद लेने के लिए पड़ोसी जिले झज्जर के गांवों के लोग भी यहां पहुंच रहे थे। दूसरे, एक परिवार के 5-5 लोग आकर लाइन में लग रहे थे। इस कारण खाद का सामान वितरण नहीं हो पा रहा था।
नरेंद्र के अनुसार, इस नई व्यवस्था को लेकर उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल ने शनिवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि अब खाद का वितरण तब तक नहीं होगा जब तक कि नई व्यवस्था लागू नहीं हो जाती। इसके लिए प्रोफार्मा बन चुका है। अब इसे सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित किया जाएगा।
नरेंद्र ने बताया कि खाद के अनियमित वितरण को रोकने के लिए बैठक में निर्णय लिया गया कि अब संबंधित जिले के ही किसान को डीएपी खाद मिलेगी। दादरी मंडी में झज्जर जिले के किसान भी खाद लेने के लिए पहुंच रहे थे। इसका कारण झज्जर के कई गांव दादरी जिले के साथ लगते हैं। ऐसे में वे दूरी की वजह से झज्जर की जगह दादरी शहर में खाद लेने के लिए आ रहे हैं।