अमर उजाला पड़ताल:
तीन साल में उधारी के पानी से 556 आग की घटनाओं पर कर्मचारियों ने पाया काबू
3.25 करोड़ रुपये से बने विभाग के नए कार्यालय में अब तक नहीं हुआ पानी का कनेक्शन
आग लगने पर किसानों के ट्यूबवेल से भरी जाती हैं गाड़ियां
चरखी दादरी। 3.25 करोड़ रुपये की लागत से बने दमकल विभाग कार्यालय के नए भवन में अब तक पानी का कनेक्शन नहीं है। इससे कर्मचारी तीन साल से उधारी के पानी से आग बुझा रहे हैं। इस अवधि में किसानों से पानी मांगकर कर्मचारियों ने आग की 556 घटनाओं पर काबू पाया है। इससे आग लगने पर विभाग के लिए कुआं खोदने जैसी स्थिति हो जाती है।
दरअसल, दमकल विभाग के पास पानी का प्रबंध नहीं है। इससे कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलास्तरीय कार्यालय बने तीन साल बीत गए मगर पानी का कनेक्शन लेने की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई। इससे कार्यालय परिसर में बना पानी का टैंक खाली रहता है।
आग की घटनाओं पर काबू पाने के लिए कर्मचारी कार्यालय के पास के किसानों के खेत में लगे ट्यूबवेल के पानी से टैंक भरते हैं। इसके बाद टैंक से गाड़ियों को भरा जाता है। ऐसे में रिजर्व टैंक खाली रहने पर अगर कोई आग की बड़ी घटना हो जाए तो मुश्किलात का सामना करना पड़ सकता है।
- 4.50 लाख लीटर है टैंक की भंडारण क्षमता
वर्ष 2021 में नगर परिषद की जमीन पर दमकल विभाग कार्यालय बनाया गया था। यहां पानी भंडारण के लिए 4.50 लाख लीटर की क्षमता का टैंक बनाया गया है। अब तक इस टैंक को नहरी पानी से भरने के लिए पाइपलाइन नहीं बिछाई जा सकी है।
- कई बार किया पत्राचार, नतीजा सिफर
ऐसा नहीं है कि दमकल विभाग के अधिकारियों ने पानी के कनेक्शन के लिए प्रयास नहीं किया है। कई बार उच्चाधिकारियों से इस संबंध में पत्राचार किया गया, लेकिन, नतीजा सिफर रहा। समय बीतता रहा, पत्राचार होता रहा, लेकिन, पानी के कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई।
किस साल लगी कितनी आग
दमकल विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 में 245, वर्ष 2023 में 279 स्थानों पर लगी आग पर दमकल विभाग की टीमों ने काबू पाया। 2024 में सितंबर तक 232 आग की घटनाओं पर टीमों ने काबू पाया है।
- 12 वाहनों में लगी आग, खेतों के मामले सर्वाधिक
वर्ष 2024 में 12 सड़क हादसों में वाहनों की आग बुझाकर उनमें सवार कई लोगों की जान बचाई गई। इसी समय अवधि में 30 मकानों में लगी आग भी बुझाई गई। खेतों में आग लगने की करीब 200 घटनाएं हुईं।
दमकल विभाग के पास मौजूद संसाधन
दमकल विभाग के पास आग की घटनाओं को रोकने के लिए चार बड़ी गाड़ियां हैं। इनमें एक गाड़ी बाढड़ा कार्यालय में दी गई है। इसके अतिरिक्त एक बचाव वाहन भी है, जिसे आपातकालीन स्थिति में इस्तेमाल किया जाता है। विभाग के पास दो मोटरसाइकिलें और एक छोटी गाड़ी भी है।
- विधायक के निर्देश पर भी नहीं हुआ अमल
डेढ़ साल पहले बाढड़ा विधायक नैना चौटाला ने विभाग के कार्यालय का दौरा किया था। उस दौरान एसडीएम की मौजूदगी में स्थानीय अधिकारियों को जल्द पानी के कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश उन्होंने दिए थे। इस निर्देश पर अब तक अमल नहीं हुआ। संवाद
वर्सन:
हमने कई बार उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराया है। जल्द हमारे अधिकारी टैंक तक पानी पहुंचाने का प्रबंध कर देंगे। इसके बाद समस्या नहीं रहेगी।
-लेखराज सिंह, कार्यवाहक एफओ, दादरी दमकल विभाग
फोटो: 30
दमकल विभाग कार्यालय परिसर में बनाया गया पानी का रिजर्व टैंक। संवाद
फोटो: 31
दमकल विभाग का जिला कार्यालय। संवाद