चरखी दादरी। नगर स्थित शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल का अब पूरा भवन नया बनाया जाएगा। पहले यहां छह कमरे व ऑडिटोरियम हॉल ही बनाने की योजना थी, लेकिन अब पूरे भवन का ही निर्माण करवाया जाएगा। जल्द ही बजट के आकलन कर काम शुरू होगा।
यह स्कूल शहर का सबसे पुराना राजकीय स्कूल है। काफी समय से इसका भवन जर्जर हो चुका है। इस जर्जर भवन में ही डीईओ, बीईओ व डीपीसी कार्यालय चल रहे हैं। स्कूल में छात्र संख्या एक हजार से अधिक है। हर साल मानसून सीजन में मैदान में जलभराव होता है। इसकी भवन में दरारें आ गईं। ऐसे में लोगों की ओर से बार-बार प्रशासन व सरकार के समक्ष आवाज उठाई गई थी। तत्कालीन डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भी स्कूल का दौरा कर जलभराव का प्रबंध करने के निर्देश दिए थे। उस समय करीब 12 लाख का बजट भी जारी हुआ था, फिर भी कोई स्थायी तौर पर समाधान नहीं हुआ।
पिछले साल सरकार ने स्कूल के लिए दो करोड़ 28 लाख का बजट मंजूर किया था, ताकि यहां ऑडिटोरियम हॉल, छह कमरे व अन्य निर्माण करवाया जा सके। अब सरकार ने इस योजना बदल दी है। अब नई योजना के तहत स्कूल का पूरा भवन नया बनाया जाएगा
ये मिलेंगी सुविधाएं
शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में सभी प्रकार की प्रयोगशालाएं, मैदान, पुस्तकाल, कंप्यूटर प्रयोगशाला, हॉल, कॉमन रूम व नए कमरे बनाए जाने हैं। यहां करीब 1,100 से अधिक विद्यार्थी हर साल दाखिला लेते हैं।
शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति का अब पूरा भवन ही नया बनेगा। सरकार ने योजना में बदलाव कर नया भवन बनाने का निर्णय लिया है। नए भवन में सभी प्रकार की शिक्षण सुविधाएं होंगी। मैदान भी समतल व लेवल में हो जाएगा। जल्द ही इसके लिए बजट जारी होने वाला है। - कृष्णा फौगाट, डीईओ, शिक्षा विभाग।