राष्ट्रीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता 10 से
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। 10 से 13 मार्च तक नगर की पुरानी अनाज मंडी में राष्ट्रीय सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता होगी। इसे लेकर एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष कृष्णलाल पंवार की अध्यक्षता में दलाल रेजीडेंस में आम सभा की बैठक संपन्न हुई। एसोसिएशन महासचिव कुलदीप दलाल ने बताया कि बैठक में 68वीं सीनियर नेशनल (महिला) कबड्डी प्रतियोगिता 10 से 13 मार्च तक, चरखी दादरी में आयोजित करवाने के लिए रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुरानी अनाज मंडी का मुआयना किया
अनाज मंडी के अध्यक्ष रामकुमार रिटोलिया ने कहा कि यह चरखी दादरी के लिए गौरव का विषय है कि भारत वर्ष की बेटियां हरियाणा प्रदेश के इस छोटे से शहर चरखी दादरी की धरा पर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। खिलाडिय़ों के लिए बेहतर इंतजाम करते हुए उन्हें किसी भी चीज की कमी महसूस नहीं होने दी जाएगी।
अनाज मंडी अध्यक्ष, पदाधिकारियों व व्यापारियों ने खुशी जाहिर करते हुए एसोसिएशन का आभार भी जताया। एसोसिएशन के महासचिव कुलदीप दलाल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
इस अवसर पर उपप्रधान धर्मवीर मलिक, राजेश फौगाट, दलीप मलिक, आशीष चहल, अनिल राठी, विरेंद्र सनवाल, विनोद कुमार, कृष्ण कुमार, सुरेंद्र चहल, राजेश हिसार, नरेंद्र ढांडा, संजीव तंवर, कुलदीप पहल, बिरेंद्र फौगाट, राजवीर रापड़िया, सुरेंद्र मलिक, गोल्डी धनखड़, हंसराज फौगाट, विकास फौगाट, दीपक सैनी, अमित सांगवान, आशु सैनी, नसीब जांघू आदि उपस्थित रहे।