बाढड़ा। सरसों में पाले से हुए नुकसान की भरपाई की मांग को लेकर काकड़ौली हुक्मी के किसानों ने सोमवार को बाढड़ा एसडीएम कार्यालय तक 10 किलोमीटर लंबा पैदल मार्च निकाला। एक घंटे तक इंतजार करने के बाद भी जब प्रशासनिक अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने बाढड़ा-जुई मुख्यमार्ग पर 30 मिनट तक जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इसके बाद सांसद धर्मबीर सिंह किसानों के बीच पहुंचे और उन्होंने मांग लेते हुए किसानों को आश्वस्त किया।
बता दें कि एक सप्ताह तक पड़े पाले से उपमंडल के कई गांवों में सब्जियों और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है। नुकसान की भरपाई के लिए किसान सरकार से स्पेशल गिरदावरी कराने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर सोमवार सुबह विभिन्न गांवों के किसानों ने पूर्व सरपंच सीताराम शर्मा व भाकियू अध्यक्ष हरपाल भांडवा की अगुवाई में काकड़ौली हुक्मी अड्डे से पैदल मार्च शुरू किया और इसके बाद बाढड़ा एसडीएम कार्यालय पहुंचे।
किसानों के आगमन की सूचना मिलते ही तहसीलदार बंसीलाल उनका ज्ञापन लेने पहुंचे लेकिन किसानों ने एसडीएम को बुलाने की मांग की। एसडीएम विरेंद्र सिंह किसी कार्यक्रम में व्यस्त होने के चलते किसानों के बीच नहीं पहुंचे। करीब एक घंटे इंतजार करने के बाद भी एसडीएम के न पहुंचने पर किसान आक्रोशित हो गए और उन्होंने बाढड़ा-जुई रोड पर जाम लगा दिया। इसके काफी देर बाद सांसद धर्मबीर सिंह वहां पहुंचे और उन्होंने किसानों को आश्वस्त कर शांत किया।
- सरकार पर वक्ताओं ने कसे तंज
आंदोलनरत किसानों को संबोधित करते हुए पूर्व सीपीएस रणसिंह मान व इनेलो जिलाध्यक्ष विजय पंचगांवा ने कहा कि किसानों की सरसों और सब्जियों को नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी है। भाकियू अध्यक्ष हरपाल भांडवा व उमेद पातुवास ने कहा कि सरकार को किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए अविलंब स्पेशल गिरदावरी करानी चाहिए।
- ये रहे मौजूद
सज्जन डांडमा, सुखलाल श्योराण, भाकियू सचिव महेंद्र जेवली, संदीप, विनोद मांढ़ी, पूर्व सरपंच विजय, सुरेश धनासरी, पूर्व सरपंच गिरधारी मोद, रणधीर हुई, इंद्रजीत डालावास, प्रताप, राधेश्याम शर्मा, मास्टर जयदीप, रविंद्र गोपी, तेजवीर काकड़ौली, सरपंच इंदराज दिसौदिया, रणबीर रोहिल्ला, आजाद सिंह, दिनेश कुमार, अजीत सिंह, अत्तर सिंह, आनंद काकड़ौली आदि मौजूद रहे।