रात्रि गश्त अभियान के दौरान जवानों की तैनाती का जायजा लेने पहुंचे डीएसपी। संवाद
चरखी दादरी। जिला पुलिस ने शनिवार रात रात्रि गश्त अभियान चलाया। इसके तहत 27 जगहों पर नाकाबंदी कर वहां से गुजरने वाले 614 वाहनों की जांच की गई। दस्तावेजों में कमी मिलने पर 34 वाहनों के चालान किए गए जबकि 10 लोगों के अजनबी पर्चे काटे गए।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत के निर्देशानुसार शनिवार रात रात्रि गश्त अभियान चलाया गया। इसके तहत शनिवार रात 10 से रविवार सुबह चार बजे तक पुलिस टीमें सड़कों पर तैनाती रहीं। इस दौरान सभी थाना और चौकी प्रभारी ने अपने अधिकार क्षेत्र में टीम समेत गश्त की। अभियान के तहत जिला पुलिस ने होटल, रेस्टोरेंट धर्मशाला, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थानों की जांच की। जिले में तैनात सभी राइडर व पीसीआर ने प्रभावी रूप से गश्त की और महिला पुलिस ने भी अभियान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने 106 सार्वजनिक स्थानों की भी चेकिंग की। मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने पर 34 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मुहिम के तहत कारीदास निवासी गुलाब सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसे कोर्ट ने 23 दिसंबर को भगोड़ा घोषित किया था।
जिला पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए समय-समय पर इस प्रकार के अभियान चलाती है। भविष्य में भी ये मुहिम जारी रहेगी। रात्रि गश्त का मकसद अपराध पर नियंत्रण लगाना है।
-दीपक गहलावत, एसपी, चरखी दादरी