चरखी दादरी। दादरी शहर में गंभीर बनती जा रही आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद ने एक बार फिर से कवायद शुरू की हैं। नगर परिषद की ओर से आवारा कुत्तों के बधियाकरण व टीकाकरण के लिए एजेंसियों से आवेदन मांगे गए हैं। एजेंसियों की ओर से दिए जाने वाले रेट के अनुसार निविदा जारी की जाएगी। हाल ही में नगर परिषद की ओर से करवाए गए सर्वे के अनुसार शहर में करीब 1400 आवारा कुत्तों की पहचान की गई है।
बता दें कि दादरी शहर में आवारा कुत्तों की समस्या काफी गंभीर बनी हुई है। शहर के सभी वार्डों की कॉलोनियों, गलियों में दिनभर आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं। इनके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ये हैं कि सड़कों पर आवारा घूमने वाले कुत्ते कई बार अचानक आक्रामक हो जाते हैं और पास से गुजर रहे लोगों को काट लेते हैं। जिसके चलते विशेष रूप से बच्चे, महिलाएं व बुजुर्गों को भय के साये में गलियों से गुजरना पड़ता है।
=शहर में हैं करीब 1400 कुत्ते
नगर परिषद की ओर से हाल ही में शहर में आवारा घूमने वाले कुत्तों का सर्वे करवाया जा रहा है। एजेंसी की ओर से किए गए सर्वे में करीब 1400 कुत्तों की गिनती हुई है। अब नगर परिषद की ओर से इन कुत्तों का बधियाकरण करवाने के साथ-साथ एंटी रेबिज वैक्सीन टीकाकरण भी करवाया जाएगा। जिससे आवारा कुत्तों की संख्या और न बढ़े और यदि ये किसी को काट भी लें तो संबंधित व्यक्ति में संक्रमण ना फैले।
= हर महीने सैकड़ों लोगों को बना रहे शिकार
बता दें कि जिले में आवारा घूमने वाले और पालतु कुत्ते हर महीने सैंकड़ों लोगों को काट कर घायल कर रहे हैं। गत जुलाई से सितंबर माह तक आवारा व पालतू कुत्तों ने 2,895 लोगों को काट कर घायल किया था। वहीं उसके बाद अक्तूबर और नवंबर महीने में भी सैकड़ों लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो चुके हैं।
= दादरी नगर परिषद की ओर से जारी की गई सूचना के अनुसार शुरुआत में एजेंसी को एक वर्ष के लिए निविदा दी जाएगी। यदि एजेंसी का कार्य संतोषजनक हुआ तो इस अवधि को और बढ़ाया जा सकेगा। नगर परिषद की योजना के अनुसार एजेंसी की ओर से आवारा कुत्तों को पकड़ कर पशु चिकित्सक के माध्यम से उनका बधियाकरण व टीकाकरण करने के बाद वापस उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा।
दादरी शहर में आवारा कुत्तों का बधियाकरण व टीकाकरण करवाया जाएगा। इसके लिए सूचना जारी करते हुए एजेंसियों से आवेदन मांगे गए हैं। शहर में करीब 1400 कुत्तों की गिनती हो चुकी है। एजेंसियों की ओर से रेट मिलने के बाद निविदा जारी कर दी जाएगी।
- बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद दादरी।