चरखी दादरी। शहर के वार्ड-15 में पिछले 10 दिनों से दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। इसके चलते वार्ड में पेयजल संकट गहराया है। वार्डवासी पीने के लिए पानी खरीदने को मजबूर हैं। वार्डवासियों का आरोप है कि जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है और इसके चलते लोगों में आक्रोश है। उन्होंने जिला प्रशासन से समस्या पर संज्ञान लेकर समाधान करवाने की मांग की है।
चार हजार की आबादी वाले वार्ड-15 में पेयजल आपूर्ति में जो पानी घरों में पहुंच रहा है वो पीने लायक कतई नहीं है। वार्डवासियों का कहना है कि सप्लाई के दौरान पहले 20 मिनट तक तक मिट्टी युक्त काला व बदबूदार पानी आता है। इसके बाद केवल 10 मिनट ही साफ पानी घरों में पहुंचता है।
पेयजल संकट से पार पाने के लिए वे घरों में प्रतिदिन दो से तीन कैंपर रखवाने को विवश हैं। पानी संबंधी अन्य घरेलू जरूरतें पूरी करने के लिए उन्हें टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। ऐसे में वार्डवासियों पर पेयजल के नाम पर दोहरी मार पड़ रही है। उनका कहना है कि समस्या के समाधान के लिए जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में फोन व लिखित रूप से शिकायत दर्ज करवा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी है।
लोग बोले- शिकायत पर नहीं दिया जा रहा ध्यान, हम परेशान
वार्ड के सिंघान मोहल्ला निवासी निरंजन लाल, रमन शर्मा, ग्यारसी देवी, राजकुमारी, बृजबाला, कमलेश देवी, हरपाल, आकाश कुमार व विजय आदि ने बताया कि वार्डवासियों के शिकायत सौंपने के बाद भी अधिकारी समस्या के समाधान की तरफ ध्यान नहीं दे रहे। लोगों का कहना है कि बेरूखी का आलम ये है कि अधिकारी उनके फोन तक नहीं उठाते।
पार्षद और जेई आमने- सामने
आपूर्ति में आने वाले दूषित पानी की भेज चुका वीडियो : पार्षद
वार्ड में दूषित पानी सप्लाई की गंभीर समस्या बनी हुई है। वार्ड सप्लाई के दौरान आए हुए दूषित पानी का वीडियो बनाकर अधिकारियों के व्हाट्सएप पर भेज चुका हूं, लेकिन समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
नितिन बंसल, पार्षद, वार्ड 15
हमारे पास नहीं आई कोई शिकायत : जेई
हमारे पास अभी तक दूषित पेयजल सप्लाई संबंधी कोई भी शिकायत नहीं आई है। अगर वार्ड 15 में ऐसी कोई समस्या बनी है तो जल्द ही टीम भेजकर समाधान करवा दिया जाएगा।
धीरेंद्र सिंह, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग