फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: शहर में बदली जाएगी 7.5 किलोमीटर लंबी केबल, 30 हजार लोगों को मिलेगी बिजली फॉल्ट से राहत

Mon, 08 Jul 2024 02:42 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। बिजली संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए निगम अधिकारियों ने शहर में केबल बदलने का काम शुरू करवा दिया है। करीब 7.5 किलोमीटर लंबी बिजली केबल बदली जानी है। इसके साथ ही 20 बिजली के पोल भी लगाए जाने हैं। इस परियोजना पर 15 लाख रुपये लागत आएगी। यह काम अगस्त के अंत तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद करीब दस कॉलोनियों के 30 हजार लोगों को बिजली फॉल्ट से राहत मिलेगी।
विज्ञापन

शहर की अनेक कॉलोनियों में घरों और गली के बीच बिजली की लटकती केबल लगातार हादसों का सबब बनी हुई थी। केबल पुरानी होने के कारण जगह-जगह कट लग चुके हैं। इसके चलते हवा के झोंके के साथ बिजली गुल हो जाती है। इसके चलते उपभोक्ताओं को परेशानियों से दो-चार होना पड़ता है। उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली निगम ने नई केबल और नए पोल लगाने का प्रारूप तैयार कर काम शुरू करवा दिया है। इससे उपभोक्ताओं को जहां बिजली फॉल्ट से छुटकारा मिलेगा तो बिजली चोरी न होने पर बिजली निगम को भी घाटा नहीं झेलना पड़ेगा।


120 एमएम मोटी केबल डालेगा निगम

शहर की विभिन्न कॉलोनियों में बिजली निगम पुरानी और जर्जर केबल की जगह 7,500 मीटर लंबी 120 एमएम एलटी केबल लगा रहा है। केबल और पोल बदलने में करीब 15 लाख रुपये खर्च आएगा। निगम अधिकारियों की मानें तो नई मोटी केबल डाली जा रही है और इसके जरिये कुंडीमार बिजली चोरी नहीं कर पाएंगे।
विज्ञापन



इन कॉलोनियों में बदली जाएगी पुरानी केबल
बिजली निगम ने कर्मचारियों की मार्फत सर्वे करवाया था और इसके आधार पर उन कॉलोनियों को चिह्नित किया गया था, जहां बिजली केबल बदली जानी है। इनमें से सुभाष चौक, भगत सिंह चौक, रंगीला हनुमान मंदिर, सरदार झाड़ू सिंह क्षेत्रों में कार्य पूरा कर लिया गया है। सात अन्य कॉलोनियों में अभी काम होना बाकी है।
पिछले माह 28 जगह पकड़ी थी बिजली चोरी
पिछले माह बिजली टीमों ने शहर में 28 जगह पर बिजली चोरी पकड़ी थी। टीमों ने कुंडीमारों पर 70 लाख का जुर्माना लगाया है। निरीक्षण के दौरान निगम की टीम को एक वर्कशॉप में तो ऐसा मीटर लगा मिला जिसका विभाग के पास कोई रिकॉर्ड नहीं है। इसके अलावा आरओ प्लांट व होटल में बिजली चोरी होती मिली। निगम अधिकारियों ने बताया कि जिन कॉलोनियों में बिजली लोड बढ़ा हुआ है, उन पर निगम की नजर है। इन कॉलोनियों के घरों में जाकर टीम जांच कर रही हैं। इसके अलावा उपकरणों के हिसाब से मौजूदा लोड और स्वीकृत लोड का मिलान भी किया जा रहा है।



कर्मचारियों ने शहर की कॉलोनियों में पुरानी केबल और पोल बदलने का कार्य शुरू करवा दिया है। कुछ स्थानों पर काम हो चुका है, जबकि बाकी क्षेत्रों में भी जल्द काम करवा दिया जाएगा। हमारा प्रयास है कि किसी भी बिजली उपभोक्ता को परेशानी न उठानी पड़े। - गौरव कुमार, एसडीओ, बिजली निगम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें