चरखी दादरी। युवाओं का कहना है कि सांसद ऐसे व्यक्ति को चुना जाए जो जिले का विकास करवाए। दादरी जिला तो बन गया, लेकिन जिलास्तर का यहां विकास नहीं हो सका है। जिले को विशेष पैकेज की जरूरत है। खासकर जिले में रोजगार के अवसर तलाशने की दरकार है। इन युवाओं का कहना है कि सांसद ऐसा हो जो युवाओं के हित में काम करने वाला हो। युवा के लिए रोजगार के दरवाजे खोलने का काम करें। आज बेरोजगारी बड़ा विषय है। युवाओं को रोजगार चाहिए। युवा ही किसी देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
युवा हित में काम करे सांसद, प्रमुखता से उठाए आवाज
सांसद ऐसा हो जो युवाओं के हित में काम करने वाला हो। युवा के लिए रोजगार के दरवाजे खोलने का काम करे। आज बेरोजगारी बड़ा विषय है। युवाओं को रोजगार चाहिए। सरकार को सरकारी क्षेत्र में रोजगार सृजित करना चाहिए। सांसद ऐसा हो जो संसद में युवाओं के रोजगार की बात उठाए। युवाओं के हित में काम करे। - साहिल शर्मा, युवा
प्रदेश ही नहीं देश में भी युवा बेरोजगारों की फौज है। राजनेता चुनाव के समय तो रोजगार की बात करते हैं, उसके बाद सुध नहीं ली जाती है। चुनावी वर्ष में सीमित सरकारी नौकरियों पर भर्ती कर वाहवाही लूटने का काम करते हैं। सरकार को पांच वर्ष के लिए सरकारी नौकरियों में भर्ती का कैलेंडर जारी करना चाहिए। युवाओं के लिए रोजगार की बात करेगा, वोट उसके पक्ष करेंगे। - महेश शर्मा, युवा
- युवा को रोजगार नहीं मिलने से उसका जीवन अंधकार में है। युवाओं को रोजगार की जरूरत है। युवा दिन-रात प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन सरकारी विभागों में पदों को खत्म किया जा रहा है। सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा करने वाले सांसद को मतदान करेंगे। सांसद को युवाओं की आवाज उठानी चाहिए। - सौरभ, युवा