गांव मांढी हरिया स्थित राजकीय महाविद्यालय में हरियाणा राज्य सहकारी विकास प्रसंघ (हरकोफेड) की ओर से वीरवार को युवा कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जमींदारा समिति दादरी के निदेशक प्रविंद्र मांढ़ी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने सहकारिता विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सीएम पैक्स सोसाइटी और अन्य सरकारी स्कीमों से होने वाले लाभ के बारे में बताया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे हरकोफेड के अधिकारी देवेंद्र सिवाच ने सहकारिता आंदोलन के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा पूर्ण करने के बाद युवा केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहें, बल्कि सहकारिता के माध्यम से स्वयं सहायता समूह बनाकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने बताया कि सहकारिता से युवा न केवल आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि समाज के आर्थिक विकास में भी योगदान दे सकते हैं।
साइबर क्राइम थाना पुलिस से उप निरीक्षक अंकित पूनिया ने कहा कि डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए सावधानी ही बचाव है।