चरखी दादरी। शहर के मुख्यमार्गों पर रेहड़ी खड़ी करने वालों और सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर परिषद अधिकारियों ने नजर टेढ़ी कर ली है। अतिक्रमण और रेहड़ियां हटाने के लिए एसडीएम विरेंद्र सिंह ने व्यापार मंडल और रेहड़ी एसोसिएशन की बैठक में वीरवार शाम तक का समय दिया है। शुक्रवार सुबह अगर बस स्टैंड रोड और रोहतक रोड पर किसी ने रेहड़ी खड़ी की या फिर अतिक्रमण किया तो उसका सामान जब्त किया जाएगा। नप अधिकारियों के अनुसार रोज गार्डन से लेकर परशुराम चौक तक और परशुराम चौक से लेकर डीसी आवास तक रोहतक रोड को रेहड़ी मुक्त जोन बनाया जाएगा। अतिक्रमण के मुद्दे को अमर उजाला ने अलग-अलग संस्करणों में प्रमुखता से उठाया था।
लंबे इंतजार के बाद नगर परिषद अधिकारियों ने अतिक्रमण के चलते शहर की सड़कों पर लगने वाले जाम की तरफ ध्यान दिया है। एसडीएम विरेंद्र सिंह ने इस संबंध में शहर के व्यापारियों और रेहड़ी एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक ली। इसमें एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि शहर के मुख्यमार्गों पर अब अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रोज गार्डन से लोहारु चौक, रोहतक चौक से कोर्ट रोड पर रेहड़ी लगने और दुकानदारों द्वारा सरकारी जमीन पर सामान रखकर कब्जा किया हुआ है। इससे जाम की स्थिति बन रही है। सामान रखने के साथ दुकानों और रेहड़ियों के पास दुपहिया व चार पहिया वाहन भी अव्यवस्थित ढंग से खड़े किए जाते हैं, जिससे पैदल चलने वालों को फुुटपाथ पर जगह नहीं मिलती और दुघर्टना होने का अंदेशा बना रहता है। इस वजह से आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह अगर मुख्यमार्गों पर कोई रेहड़ी मिली तो टीम सीधे जब्त कर कार्रवाई करेगी। वहीं, अगर किसी का सामान सरकारी जगह पर रखा मिला तो उसे भी जब्त किया जाएगा। नप अधिकारियों के अनुसार वीरवार शाम तक की मोहलत पर व्यापारियों और रेहड़ी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सहमति जताई है। बैठक में नप सचिव प्रशांत पाराशर, व्यापार मंडल प्रतिनिधि के तौर पर मनफूल शर्मा और रेहड़ी एसोसियेशन के सदस्य मौजूद रहे।
वार्डों में रेहड़ियां जाने से मुख्यमार्गों पर कम होगा ट्रैफिक का दबाव -
नप अधिकारियों ने रेहड़ी एसोसिएशन पदाधिकारियों को सुझाव दिया कि वो मुख्यमार्गों पर रेहड़ियां लगाने की बजाय शहर के वार्डों में जाएं। इससे मुख्यमार्गों से भीड़ कम होगी और अतिक्रमण न होने से जाम भी नहीं लगेगा। इसके अलावा कुछ जगह भी उन्हें बताई गई हैं, जहां वो अपनी रेहड़ियां लगा सकते हैं।
इन जगहों पर लगा सकते हैं रेहड़ियां -
रोज गार्डन से परशुराम चौक और परशुराम चौक से डीसी आवास तक मुख्यमार्ग पर रेहड़ी लगाना शुक्रवार सुबह से बैन है। नप की अंतिम चेतावनी के बाद भी अगर कोई यहां रेहड़ी लगाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नप अधिकारियों ने बस स्टैंड के पिछली तरफ, चरखी दरवाजा क्षेत्र, तिकोना पार्क क्षेत्र, लोहारू चौक से आगे, रोहतक फाटक से आगे रेहड़ियां लगाने की जगह दी हैं।
अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा
मुख्यमार्गों पर अतिक्रमण के मुद्दे को अमर उजाला ने अलग-अलग संस्करणों में प्रमुखता से उठाया था। गत आठ अप्रैल के संस्करण में अमर उजाला ने तीन साल बाद भी मुख्यमार्गों से नहीं हटीं रेहड़ियां और गत तीन मई के संस्करण में शहर के मुख्यमार्गों पर अतिक्रमण से बेपटरी हुआ ट्रैफिक नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
वर्जन
वीरवार शाम तक का समय हमने व्यापारियों और रेहड़ी एसोसिएशन का दिया है। शुक्रवार सुबह अगर मुख्यमार्गों पर रेहड़ी खड़ी मिली या फिर किसी दुकानदार का सामान रखा मिला तो सीधा जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
- प्रशांत पाराशर, सचिव, नगर परिषद।