शिक्षा विभाग ने जिले में मासिक मूल्यांकन परीक्षा इंटरनेट सेवा बंद होने के कारण स्थगित कर दी है। इससे पहले शिक्षा विभाग ने तीसरी से बारहवीं तक की कक्षाओं की ऑनलाइन परीक्षा का शेड्यूल जारी किया था।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विरेंद्र मलिक ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से जारी किए पत्र में तीसरी से 9वीं व 11वीं के विद्यार्थियों के मूल्यांकन परीक्षा आगामी निर्देशों तक स्थगित की दी गई है। नए आदेशों आने के बाद नई डेट शीट जारी की जाएगी। इसके बाद मूल्यांकन परीक्षा ली जाएगी। वहीं, आठवीं, दसवीं और 12वीं की मूल्यांकन परीक्षा ऑफलाइन होगी।
लोगों को हो रही परेशानी, ई-ट्रांजेक्शन व अन्य काम रुके
इंटरनेट बंद होने से आमजन को परेशानी हो रही है। इंटरनेट नहीं चलने के कारण ज्यादातर ऑनलाइन सेवाएं बंद हैं। लोग ई-ट्रांजेक्शन समेत अन्य कार्य नहीं कर पा रहे हैं। लोगों को अब इंटरनेट सेवा बहाल होने का बेसब्री से इंतजार है। सीएससी संचालक सुदीप चाहर ने बताया कि इंटरनेट सेवा बंद होने के कारण लगभग सभी सेवाएं बाधित हैं।