केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात करते विधायक सुनील सांगवान।
चरखी दादरी। दादरी क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से विधायक सुनील सांगवान ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान विधायक सुनील ने न सिर्फ विकास योजनाओं को रफ्तार देने का खाका पेश किया, बल्कि दादरी को भविष्य के मॉडल शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल भी की।
बैठक के दौरान मुख्य फोकस दादरी में स्थित सीसीआई की 200 एकड़ से अधिक जमीन पर प्रस्तावित आवासीय परियोजना पर रहा। सांगवान ने इस परियोजना को दादरी के लिए गेम चेंजर बताते हुए कहा कि इससे शहर का विस्तार संगठित तरीके से होगा और आम लोगों को सस्ती व बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता देने के संकेत दिए जिससे उम्मीदों को नया बल मिला है। विकास के एजेंडे में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाना भी प्रमुख रहा।
विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि दादरी को अब मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत है। बिजली ढांचे के सुदृढ़ होने से न सिर्फ लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि उद्योग और निवेश के नए दरवाजे भी खुलेंगे। बैठक के दौरान आगामी 11 अप्रैल को दादरी में होने वाली विकसित दादरी रैली को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत मंथन किया।