चरखी दादरी। प्राइवेट स्कूल्स वेलफेयर एसोसिएशन की बुधवार को बैठक आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार शर्मा की अध्यक्षता में एसोसिएशन के सदस्याें ने बिना मान्यता प्राप्त प्ले स्कूल और कोचिंग एकेडमी को बंद करने की मांग की। बाद में डीईओ को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि स्कूल जाने वाला बच्चा मान्यता प्राप्त स्कूल में ही होना चाहिए। वह किसी बिना मान्यता वाले प्ले स्कूल या कोचिंग एकेडमी में नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना मान्यता के चल रहे प्ले स्कूल और कोचिंग एकेडमी में किसी प्रकार की शिक्षण संबंधी सुविधाएं नहीं होती हैं। ये शिक्षा देने के नाम पर बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ये संस्थान किसी प्रकार के नियमों का पालन नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा विभाग को इस संबंध में संज्ञान लेना चाहिए और इन्हें बंद करने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए। रामअवतार शर्मा ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को मान्यता प्राप्त स्कूलों में ही भेजें, चाहे वह स्कूल सरकारी या प्राइवेट हो। ताकि, बच्चे का सर्वांगीण विकास हो।
उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूल्स वेलफेयर एसोसिएशन चाहता है कि अभिभावक जागरूक हों और अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनके एडमिशन मान्यता प्राप्त स्कूलों में ही करवाएं।
बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों को बंद करने के पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए रामअवतार शर्मा ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश में शिक्षा को नई दिशा देगा। रामअवतार शर्मा ने कहा कि जिला स्तर पर बैठे शिक्षा विभाग के अधिकारी सरकार के आदेशों को सख्ती से लागू करने में उतनी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं जो चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग जल्दी कोई कार्रवाई नहीं करता है तो एसोसिएशन विभाग के उच्च अधिकारियों, प्रदेश के शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री और पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में इनके खिलाफ शिकायत देगा।
इसके बाद एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रिंसिपल व स्कूल संचालक जिला शिक्षा अधिकारी से मिले और इस संबंध में ज्ञापन दिया। इसके साथ ही प्राइवेट स्कूलों की अन्य लंबित मांगों पर भी चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
बैठक में दादरी जिला प्रधान सुरेश सांगवान, महासचिव विक्रम फोगाट, प्रीतम सिंह, कृष्ण यादव, आईसी जैन, सुभाष जैन, नवीन श्योराण, अशोक शर्मा, मुकेश जाखड़, बौंदकलां ब्लॉक प्रधान हरि सिंह, जगदीश सांगवान, ब्रह्मदत्त उपस्थित रहे।