जिले में शुक्रवार को लगाए मेगा वैक्सीनेशन शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने लक्ष्य से करीब 50 फीसदी ऊपर हासिल किया। 80 स्वास्थ्य केंद्रों पर एक दिन में 14973 लोगों को कोरोना रोधी वैक्सीन लगाई गई। शिविर में 4066 लोग पहली डोज लगवाने पहुंचे। इनमें से ज्यादातर की स्वास्थ्य विभाग की ओर से काउंसिलिंग की गई शुक्रवार को 10907 लोगों ने स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर दूसरी डोज लगवाई।
जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज डॉ. आशीष मान ने बताया कि वैक्सीनेशन शिविर में सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार का मार्गदर्शन रहा। शिविर में दस हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य था, लेकिन इससे अधिक प्राप्त करते हुए 14973 लोगों को कवर किया गया। उन्होंने बताया कि दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या ज्यादा रही। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल, मातृ-शिशु अस्पताल के अलावा तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों समेत 18 जगहों पर सेशन लगाए गए। इसके अलावा 62 आउटरीच सेशन लगाए गए। आउटरीच सेशन में भी करीब 25 प्रतिशत लोगों को कवर किया गया।
सुबह सीएमओ समेत डिप्टी सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर वैक्सीनेशन कार्य का जायजा लिया। वहीं, सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि जिले में अब करीब साढ़े पांच हजार लोग ही ऐसे बचे हैं जिन्होंने वैक्सीन की पहली डोज नहीं लगवाई है। उन्होंने बताया कि जिल में दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या भी एक लाख पार पहुंच चुकी है।
शहरी क्षेत्र में 1137 तो ग्रामीण क्षेत्रों में 13836 ने लगवाई वैक्सीन
डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष मान ने बताया कि शुक्रवार को सिविल अस्पताल में 1052 और मातृ- शिशु अस्पताल में 85 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इस प्रकार शहरी क्षेत्र के 1137 लोगों को कवर किया गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्रों में 16 सेशन लगाकर 13836 लोगों को कोरोना रोधी वैक्सीन लगाई गई।
गोपी सीएचसी में सबसे अधिक तो एमसीएच दादरी में हुआ सबसे कम वैक्सीनेशन
शुक्रवार को सबसे अधिक वैक्सीनेशन गोपी सीएचसी में हुआ। यहां 2013 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। हड़ौदी पीएचसी में 1400, कादमा पीएचसी में 1224, बाढड़ा में 1070, मानकावास में 114, झोझूकलां में 1106, बौंदकलां में 922, इमलोटा में 646, अचीना में 471, रानीला में 630, सांवड़ में 723, बलकरा में 439, संतोकपुरा में 531, माई कलां में 818, छपार में 719 और मातृ-शिशु अस्पताल में 85 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
324569 लोगों को लग चुकी पहली डोज
दादरी जिले में 3 लाख 30 हजार लोगों को वैक्सीन की दो-दो डोज दी जानी हैं। अब तक 324569 लोग पहली डोज लगवा चुके हैं और केवल 5431 लोग ही पहली डोज लगवाने से वंचित हैं। 98.4 प्रतिशत आबादी को पहली डोज लग चुकी है। जिले में 112543 लोग दोनों डोज लगवा चुके हैं।