झोझूकलां। तिवाला निवासी एक ग्रामीण ने पांच लोगों पर उसे ट्यूबवेल से बांधकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने उसके बयान पर पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में तिवाला निवासी प्रवीन कुमार ने बताया कि वीरवार रात करीब आठ बजे वो खेत में से ट्रैक्टर के जरिये रेत ले जाकर अपनी गली में डाल रहा था। उसी दौरान उसका ट्रैक्टर खेत में फंस गया। वह ट्रैक्टर को निकालने के लिए टॉचन को जोड़ रहा था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग उसके पास पहुंच गए। आरोप है कि आरोपियों ने उसे पकड़कर ट्यूबवेल से बांध दिया और फिर उसकी पिटाई की, जिसमें उसे चोटें लगीं। पुलिस ने इस संबंध में घायल के बयान पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।