एसपी दीपक गहलावत को सलामी देती पुलिस जवानों की टुकड़ी।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। आईपीएस विनोद कुमार के तबादले के बाद सोमवार को दीपक गहलावत ने जिला पुलिस कप्तान के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। लघु सचिवालय पहुंचने पर पुलिस की टुकड़ी नवनियुक्त जिला पुलिस कप्तान को सलामी दी। डीएसपी हेड क्वार्टर जोगेंद्र सिंह, दादरी-2 डीएसपी बली सिंह और दादरी-1 डीएसपी रामसिंह और बाढड़ा डीएसपी देशराज ने उनका स्वागत किया।
दीपक गहलावत पलवल में पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाल चुके हैं और दादरी जिले में उनकी पहली पोस्टिंग है। कार्यभार संभालते ही जिला पुलिस कप्तान ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों समेत आईओ की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई फरियादी थाने आता है तो उससे सभी पुलिसकर्मी सभ्य व्यवहार करें और महिला विरुद्ध अपराधों में तत्काल कार्रवाई अमल में लाएं। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था कायम रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होने कहा कि ओवरलोडिंग रोकने के लिए आरटीए विभाग से जल्द सामंजस्य स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के दौरान आरटीए स्टाफ को पुलिस सुरक्षा भी मुहैया करवाई जाएगी।