पुलिस विभाग ने बुधवार को झोझूकलां में जिले का सातवां पुलिस थाना शुरू कर दिया। झोझूकलां चौकी को अपग्रेड कर थाना बनाया गया है और यहां 27 पद स्वीकृत किए गए हैं। बुधवार को एसपी मोहित हांडा ने थाने का उद्घाटन किया। झोझूकलां थाने के अधीन 39 गांव आएंगे। बाढड़ा और सदर थाना क्षेत्र के दायरे में पढ़ने वाले 39 गांवों को झोझूकलां थाने से जोड़ा गया है। झोझूकलां में थाना बनने के बाद इसके समीपवर्ती गांवों के लोगों को अब दादरी मुख्यालय स्थित सदर पुलिस थाने और बाढड़ा उपमंडल स्थित पुलिस थाने की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
जिला बनने के ढाई साल के अंदर पुलिस विभाग ने यह तीसरा पुलिस थाना शुरू किया है। इससे पहले ट्रैफिक थाना और महिला पुलिस थाना विभाग शुरू कर चुका है। वहीं, चरखी दादरी सदर और बाढड़ा थानों के अधीन करीब 148 गांव आते थे। इससे दोनों थानों में वर्क लोड अधिक रहता था। इसे देखते हुए पुलिस विभाग ने नया थाना खोलने की योजना कुछ समय पहले तैयार की थी। इसे उच्चाधिकारियों और फिर सरकार से मंजूरी मिल गई थी।
पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने बताया कि बुधवार को झोझूकलां थाने का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने बताया कि यहां 27 पद स्वीकृत हुए हैं और सभी पदों पर स्टाफ की तैनाती की जा चुकी है। सदर और बाढड़ा थाने के अधीन आने वाले गांवों की संख्या ज्यादा होने के चलते झोझूकलां चौकी को अपग्रेड कर थाना बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह चौकी पहले सदर पुलिस थाने के अधीन आती थी। वहीं, आदमपुर चौकी को भी सदर थाने से हटाकर झोझूकलां थाने में जोड़ा गया है। ऐसे में इन गांवों के ग्रामीणों को अब शिकायत दर्ज कराने के लिए दादरी सदर थाने जाने की बजाय झोझूकलां थाने ही जाना होगा। पुलिस प्रवक्ता संदीप पिलानिया ने बताया कि दादरी सदर थाने के 34 और बाढड़ा थाने के पांच गांवों को झोझूकलां थाने से जोड़ा गया है। अब सदर थाने के अधीन 43 और बाढड़ा थाने के अधीन 66 गांव रह जाएंगे।
डेढ़ साल पहले शुरू की गई थी पुलिस चौकी, 15 गांव थे इसके अधीन
पुलिस विभाग ने झोझूकलां में चौकी करीब डेढ़ साल पहले ही शुरू की थी। इससे पहले इस क्षेत्र के ज्यादातर गांव आदमपुर पुलिस चौकी के अधीन आते थे। लंबे समय से ही झोझूकलां में पुलिस चौकी या थाना खोलने की जरूरत बनी हुई थी। डेढ़ साल पहले चौकी खोलते ही इसके अधीन 15 गांव किए गए थे और यहां करीब 18 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। अब थाना बनने के बाद इसके अधीन 39 गांव आएंगे। पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने यहां एक इंस्पेक्टर, एक एसआई व तीन एएसआई सहित 27 कर्मचारी तैनात कर दिए हैं।
ये गांव आएंगे झोझूकलां थाने के अधीन
पुलिस प्रवक्ता संदीप पिलानिया ने बताया कि झोझू कलां, झोझू खुर्द, मैहड़ा, असावरी, बादल, रामलवास, कलाली, बलाली, कलियाना, जावा, बीजणा, नौरंगाबास जाटान, नौरंगाबास राजपूतान, ढाणी तिलोड़ी, गोकल, आदमपुर, मंदोला, मंदोली, छिल्लर, डाढ़ी बाना, दुधवा, दातौली, चांगरोड, बलकरा, बालरोड, बधवाना, पालड़ी, चिड़िया, नौसवा, मकड़ाना, मकड़ानी, मौड़ी, घसौला, रामनगर, गुडाना, रामबास, दगडौली, रुदडोल व चंदेनी आदि 39 गांव झोझूकलां थाने के अधीन आएंगे।
चरखी दादरी के पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने कहा कि जल्द ही करीब तीन एकड़ जमीन पर झोझूकलां थाने का नया भवन बनाया जाएगा। फिलहाल पुुराने भवन में ही थाना शुरू किया गया है। लोगों की सहूलियतों के लिए झोझूकलां में थाना खोला गया है।