बौंदकलां। कस्बा निवासी एक व्यक्ति के मकान से 31 जुलाई की रात चोर नकदी और गहने चोरी कर ले गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत बौंदकलां थाने में दी है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बौंदकलां निवासी सचिन ने बताया कि 31 जुलाई की रात उनके घर चोर घुस गए। उन्होंने छत पर बने कमरे में रखी अलमारी से सोने की दो जोड़ी कानों की बाली, एक अंगूठी, चार जोड़ी पाजेब, चांदी की गणेश की मूर्ति और 3000 की नगदी चोरी कर ली। सुबह जब परिवार के सदस्य सोकर उठे तो उन्हें कमरे में सामान फैला मिला।
इसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वहां सचिन ने पुलिस टीम को लिखित शिकायत सौंपी जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया।