चरखी दादरी/झोझूकलां। किसान आंदोलन की सुगबुगाहट जिले में भी शुरू हो गई है। वीरवार को जहां क्षेत्र के मौजिज लोगों ने झोझूकलां में टी-प्वाइंट पर 65 मिनट तक जाम लगाया, जबकि शहर के बाबा स्वामी दयाल धाम पर जनसंगठनों ने सर्वखापीय और सर्वजातीय महापंचायत की। महापंचायत में जल्द ही दादरी व बाढड़ा क्षेत्र में धरना शुरू करने का निर्णय लिया गया। इससे पहले जिलास्तर पर एक तालमेल कमेटी भी बनाई जाएगी।
सुबह करीब 10 बजे झोझूकलां के बस स्टैंड के समीप लोग एकत्र हुए और रोड जाम कर दिया। जामस्थल के समीप पांच ट्रैक्टर खड़े किए गए। करीब 10 महिलाओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। जाम की सूचना मिलते ही झोझूकलां थाना प्रभारी हवा कौर मौके पर पहुंची और उन्होंने प्रदर्शनकारियों से जाम खोलने की अपील की। एसएचओ से बातचीत के बाद प्रदर्शनकारियों ने 11:20 पर जाम खोल दिया। जामस्थल पर मौजूद अनिल, अशोक, रामबीर व सज्जन समेत अन्य प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह सांकेतिक रोड जाम था। इस दौरान एंबुलेंस का रास्ता दिया गया, जबकि जो लोग बेहद जरूरी काम से जा रहे थे उन्हें भी गुजरने दिया गया।
वहीं, फौगाट खाप-19 की अगुवाई में विभिन्न खापों और संगठनों की महापंचायत सुबह 11 बजे बाबा स्वामी दयाल धाम पर शुरू हुई। इसमें करीब 15 वक्ताओं ने विचार रखे। ज्यादातर ने दिल्ली बॉर्डर पर सहभागिता निभाने के साथ एक जिला स्तरीय कमेटी का गठन करने और दादरी जिले में भी पक्का मोर्चा शुरू करने के सुझाव दिए। करीब ढाई घंटे तक वक्ताओं के विचार रखने के बाद खापों के पदाधिकारियों ने आपस में मंत्रणा कर दो दिन के अंदर कमेटी की बैठक बुलाकर धरनास्थल तय करने का एलान किया। खाप पदाधिकारियों ने जिले में एकसाथ दो धरने शुरू करने का संकेत दिया है। एक धरना दादरी तो दूसरा धरना बाढड़ा क्षेत्र में शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही एसकेएम के प्रत्येक आदेश का पालन किया जाए। आंदोलन को मजबूत करने के लिए लोगों से संपर्क किया जाए।
महापंचायत को बार एसोसिएशन प्रधान नसीब राणा सांगवान खाप सचिव नरसिंह डीपीई, रणधीर घिकाड़ा, फौगाट खाप प्रधान बलवंत नंबरदार, हवेली खाप प्रधान प्रभुराम गोदारा, सतगामा खाप से पूर्व चेयरमैन प्रवीन व योगेश इमलोटा, जाट आरक्षण संघर्ष समिति से राजकुमार हड़ौदी, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रणसिंह मान, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल प्रधान जयभगवान मस्ताना आदि ने संबोधित किया।
जाम के चलते बाधित रही ट्रैफिक व्यवस्था
झोझूकलां टी-प्वाइंट पर जाम लगाने के चलते दो दादरी-झोझूकलां-सतनाली और झोझूकलां-मैहड़ा- भिवानी रोड पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। हालांकि जाम खुलने के बाद पुलिस टीम ट्रैफिक व्यवस्था बहाल करवाकर लौटी।
कमेटी में इन्हें किया जाएगा शामिल
महापंचायत के निर्णय के अनुसार कमेटी में फौगाट, सतगामा, सांगवान, चिड़िया-5, हवेली खाप, श्योराण खाप, व्यापार मंडल, मुस्लिम इंतजामिया कमेटी, व्यापार मंडल, बार एसोसिएशन समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों को शामिल किया जाएगा।
बार एसोसिएशन भी लिखेगी पत्र
महापंचायत में बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट नसीब राणा ने आंदाेलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान कानूनी मदद का आवश्यकता पड़ने पर बार एसोसिएशन निशुल्क पैरवी करेगी। इसके अलावा कमेटी जो भी ड्यूटी लगाएगी, उसे निभाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।