चरखी दादरी। स्वास्थ्य महानिदेशक के आदेश पर शहर के लोहारू रोड स्थित जयहिंद अस्पताल भवन की सील खोल दी गई। शुक्रवार दोपहर जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल परिसर पहुंचकर पुलिस की मौजूदगी में ये प्रक्रिया पूरी की। हालांकि अस्पताल परिसर में सील किया गया अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन कक्ष जांच पूरी होने तक सील रहेगा।
बता दें कि 14 जून को मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग महानिदेशक के आदेश पर जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम जयहिंद अस्पताल पहुंची। इस अस्पताल में ऑपरेशन करवाने वाली एक महिला के पति ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर शिकायत दी थी। रोहतक पीजीआई मेडिकल बोर्ड के जांच रिपोर्ट सौंपने के बाद ही जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम महानिदेशक के आदेश पर यहां जायजा लेने पहुंची थी।
टीम ने 14 जून को देर रात करीब 10:30 बजे अस्पताल भवन को सील कर दिया था। इतना ही नहीं अस्पताल के दो चिकित्सकों के खिलाफ 15 जून के शहर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करवाया था. जबकि इसके बाद पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराएं जोड़ने की सिफारिश करते हुए पुलिस को दूसरी शिकायत भी दी गई थी।
सूत्रों की मानें तो स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक ने शुक्रवार को शाम अस्पताल भवन से सील खोलने के आदेश दिया। इस पर स्वास्थ्य विभाग की तीन सदस्यीय टीम वहां पहुंची। टीम ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर भवन से सील खोल दी। वहीं, टीम सदस्यों ने बताया कि महानिदेशक के आदेश मिलने के बाद ये सील खोली गई है।
जांच पूरी होने के बाद ही अल्ट्रासाउंड व सीटी स्कैन सुविधा होगी बहाल
जिला स्वास्थ्य विभाग ने जयहिंद अस्पताल भवन के मुख्य गेट से सील खोल दी है जबकि अल्ट्रासाउंड व सीटी स्कैन कक्ष पर अभी सील लगी है। जांच पूरी होने तक अस्पताल प्रबंधन मरीजों के लिए ये दोनों सेवाएं शुरू नहीं कर सकता।
- अस्पताल प्रबंधन का आरोप: कुछ लोगों ने षड्यंत्र के तहत की कार्रवाई
अस्पताल संचालिका डॉ. श्वेता यादव के पिता बलवंत सिंह यादव ने सील खुलने के बाद मीडिया के समक्ष अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिला स्वास्थ्य विभाग के कुछ अधिकारियों ने षड्यंत्र के तहत अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की। उक्त अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को गुमराह किया। बलवंत सिंह यादव ने कहा कि आईएमए, नीमा और डेंटल एसोसिएशन समेत लोगों ने अस्पताल प्रबंधन का पूरा साथ दिया और इसके लिए वो शुक्रगुजार हैं।
स्वास्थ्य महानिदेशक के आदेश पर जयहिंद अस्पताल भवन की सील हमने खोल दी है। जांच जारी है और इसके पूरा होने तक अल्ट्रासाउंड कक्ष को सील रखा गया है। - डॉ. अंकुर नागर, डिप्टी सीएमओ, चरखी दादरी।
आईएमए, नीमा और डेंटल एसोसिएशन शुरुआत से ही अस्पताल प्रबंधन के साथ खड़ी है। शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल भवन से सील खोल दी है। - योगेंद्र देशवाल, जिला प्रधान, आईएमए।