चरखी दादरी। जिले के गांव कालूवाला में चल रही एकमात्र आवासीय हैंडबाल एकेडमी एवं खेल स्टेडियम में समाजसेवी नीरज चौधरी ने पांच से ज्यादा कोच अपने स्तर पर तैनात किए हुए हैं। इन कोच का वेतन नीरज खुद वहन कर रहे है। स्टेडियम का निर्माण भी उन्होंने ही करवाया है। ये खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर ही सरकार ने यहां हैंडबॉल की आवासी एकेडमी शुरू की है।
इस एकेडमी में विभाग ने 25 सीटों पर दाखिले कर दिए हैं। इन खिलाड़ियाें को डाइट भत्ता 400 रुपये प्रतिदिन मिल रहा है। 24 वर्ष की आयु तक ही खिलाड़ी इस एकेडमी में दाखिला ले सकता है। दाखिला ट्रायल के आधार पर होता है। इस समय यहां हिसार, सिरसा, झज्जर, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और पलवल जिला के खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं।
- ये हैं स्टेडियम में सुविधाएं
बता दें कि सरकार ने राज्य के कुछ जिलों में ही आवासीय एकेडमी खोल रखी है जिनमें चरखी दादरी के गांव कालूवाला स्थित एकेडमी भी शामिल है। सरकार की ओर से हैंडबॉल का एक कोच तैनात किया गया है जबकि पांच कोच समाजसेवी ने तैनात कर रखे हैं। स्टेडियम में एथलीट, वॉलीबाल, फुटबाल, कबड्डी, बास्केटबाल आदि के कोर्ट बने हुए हैं। स्टेडियम में लाइटों की रोशनी से जगमग है स्टेडियम में हॉल भी बने हुए हैं।
- प्रतिदिन चार घंटे होता है अभ्यास
एकेडमी में प्रतिदिन चार घंटे हैंडबॉल का अभ्यास कराया जाता है। दो घंटे सुबह व दो घंटे शाम को कोच अभ्यास कराता है। खिलाड़ियों की खुराक व सेहत का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। समय-समय पर होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। बता दें कि जिले के खिलाड़ी समय-समय पर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में पदक जीत रहे हैं। कबड्डी, वॉलीबाल, कुश्ती, हैंडबॉल व एथलीट गेम्स पर खिलाड़ियों की ज्यादा पकड़ है।
जानिये...किस जिले के कितनी खिलाड़ी ले रहे हैं एकेडमी में प्रशिक्षण
जिला- खिलाड़ी संख्या
हिसार-2
सिरसा-8
झज्जर-2
भिवानी-6
दादरी-5
महेंद्रगढ़-1
पलवल-1
-
कालूवाला स्टेडियम में सुविधाएं उपलब्ध करवाने में समाजसेवी नीरज चौधरी का विशेष योगदान है। एकेडमी में खिलाड़ियों की फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुबह-शाम चार घंटे अभ्यास कराया जाता है। सरकार ने एक कोच तैनात किया हुआ है। खिलाड़ियों के लिए सभी खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं।
-बस्तीराम, जिला खेल अधिकारी, चरखी दादरी