पुलिस गिरफ्त में आरोपी विकास व चेतन।
चरखी दादरी। स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध हथियार के साथ युवक व सप्लायर दोनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रावलधी निवासी विकास उर्फ नानू और चेतन उर्फ मनीष के रूप में हुई। चेतन ने विकास को हथियार मुहैया करवाया था। पुलिस ने विकास के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि एएसआई पवन कुमार अपनी टीम समेत अपराध की रोकथाम के लिए रावलधी चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार लेकर गांव रावलधी में लेहसवाली मंदिर के पास खड़ा है। पुलिस ने उक्त जगह पर दबिश दी और संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े एक युवक को काबू कर लिया। पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान रावलधी निवासी विकास उर्फ नानू के रूप में बताई। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध पिस्तौल व कारतूस मिला। आरोपी विकास ने बताया कि यह हथियार उसने गांव निवासी चेतन उर्फ मनीष से लिया है। इसके बाद पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए चेतन को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को पुलिस टीम थाने ले गई। इनके खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।