चरखी दादरी। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय इग्नू ने जुलाई 2026 शैक्षणिक सत्र के अंतर्गत मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा तथा ऑनलाइन माध्यम से संचालित सभी अधिसूचित कार्यक्रमों में नए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 कर दी है।
विश्वविद्यालय के इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश नहीं ले सके थे। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. धर्मपाल ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अब 31 जुलाई 2026 तक विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, स्नातकोत्तर डिप्लोमा और प्रमाणपत्र कार्यक्रमों सहित अन्य अधिसूचित पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अंतिम समय की भीड़ और तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए समय रहते अपना आवेदन पूर्ण कर लें। उन्होंने बताया कि इग्नू अपने गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, लचीली शिक्षण व्यवस्था,अनुभवी शैक्षणिक परामर्शदाताओं तथा देशव्यापी अध्ययन केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।
विश्वविद्यालय के कार्यक्रम नौकरीपेशा, गृहिणियों, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तथा उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक सभी शिक्षार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता, कार्यक्रमों की सूची व ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध है। संवाद