चरखी दादरी। खेड़ी बत्तर क्रशर जोन में मंगलवार को क्रशर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक की। बैठक में एसोसिएशन ने रविवार तक कंपनियों द्वारा बढ़ाए गए पत्थरों के रेट वापस नहीं लेने पर बेमियादी भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी। दूसरी ओर मंगलवार को तीसरे दिन भी क्रशरों में काम ठप रहा।
क्रशर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कंपनियों ने पत्थरों की कीमतों में 20 रुपये से 23 रुपये प्रति टन इजाफा किया है। उन्होंने बताया कि जो पत्थर 171 रुपये टन मिल रहा था अब उसकी कीमत बढ़ाकर 191 रुपये कर दी है। वहीं जो पत्थर 202 रुपये प्रति टन मिल रहा था अब उसकी कीमत 225 रुपये प्रति हो गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियां अपनी मर्जी से ज्यादा रेट बढ़ा रही हैं जो कि सरासर गलत है। उनके इस फैसले की वजह से क्रशर एसोसिएशन तीन दिन से हड़ताल पर है। मंगलवार को एसोसिएशन ने खेड़ी बत्तर क्रशर जोन में बैठक कर कंपनियों को बढ़े रेट वापस लेने के लिए रविवार तक का समय दिया है। अगर रविवार तक बढ़े हुए रेट वापस नहीं हुए तो सभी संचालक बेमियादी भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
भवन निर्माण सामग्री होगी महंगी
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि पत्थर महंगा होने से पत्थर संबंधित सभी निर्माण सामग्री महंगी हो जाएगी। इससे मकान बनाना भी महंगा होगा। कंपनियों द्वारा रेट बढ़ाने का फैसला गलत है और इससे आम आदमी भी प्रभावित होगा।