चरखी दादरी। ईद-उल-फितर मंगलवार को जिले में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान जिले की विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की गई। शहर स्थित जामा मस्जिद में मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोगों ने एकसाथ नमाज अदा की। वहीं, विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेता भी मस्जिद पहुंचकर मुस्लिम समाज के लोगों के साथ गले मिलकर ईद की बधाई दी।
शहर की जामा मस्जिद में आयोजित कार्यक्रम में मौलवी ने कहा कि पवित्र माह रमजान के खत्म होने पर मस्जिदों में ईद-उल-फितर बड़े श्रद्धा से मनाने की बहुत पुरानी परंपरा है। ईद एक महीने रमजान के रोजे रखने के बाद मनाया जाता है, जो निसंदेह बड़े परिश्रम के बाद आता है। उन्होंने कहा कि ईद आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने जामा मस्जिद में आकर सामूहिक तौर से नमाज अदा करके सभी को ईद की बधाई दी।
वहीं, नमाज अदा करने पहुंचे हमराज, शकील खान, वसीम खान, इरफान आदि ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के लोगों को भी अपने 29 दिन के पवित्र माह रमजान के खत्म होने के बाद 30वें दिन ईद-उल-फितर का भी बेसब्री से इंतजार रहता है। वहीं, शहर के अलावा कलियाणा समेत अन्य गांवों में भी ईद हर्षोल्लास से मनाया गया।
- कादमा में भी अदा की नमाज
गांव कादमा की मस्जिद में ईद-उल फितर की नमाज अदा की गई। कार्यक्रम में अशोक कादमा ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि ईद उल फितर आपसी प्यार और सामाजिक भाईचारे का संदेश देता है। इस अवसर पूर्व चेयरमैन अनूप सोनी, कप्तान शेर सिंह, इमाम मुबारिक खान, आबिद खान ,मजीद खान, अली मोहम्मद, रफीक खान, शहजाद, शौकीन, मोबिन खान, मेहरदीन और शकील खान आदि मौजूद रहे।